





बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम और जिले की 6 नगर पालिकाओं का चुनाव संपन्न होते ही अब सभी की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। प्रशासन ने सभी ईवीएम को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में सुरक्षित रख दिया है। देर रात तक चली लंबी प्रक्रिया के बाद तमाम ईवीएम को सील कर स्ट्रॉन्ग रूम में बंद किया गया। अब 14 सितंबर को मतगणना के दिन ही स्ट्रॉन्ग रूम खुलेगा, उसके बाद ही वोटों की गिनती शुरू होगी।
1009 प्रत्याशियों का भविष्य दांव पर
- बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में 373 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद है।
- जिले की 6 नगर पालिकाओं- नोखा, देशनोक, श्रीडूंगरगढ़, छत्तरगढ़, लूणकरणसर और बज्जू में 636 प्रत्याशी मैदान में हैं।
यानी कुल मिलाकर नगर निगम और 6 पालिकाओं के 1,009 प्रत्याशियों की किस्मत इस स्ट्रॉन्ग रूम में बंद है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा, अफसरों की पैनी नजर
स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पैरामिलिट्री फोर्स, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन और एसपी मृदुल कच्छावा खुद पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अब सभी दलों और प्रत्याशियों की निगाहें 14 सितंबर पर टिकी हैं, जब ईवीएम का पिटारा खुलेगा। तभी तय होगा कि किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा और किसे हार का सामना करना पड़ेगा।







