









बीकानेर Abhayindia.com शहर में नियमों को धत्ता बताकर बने व्यावसायिक भवनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) ने कवायद तेज कर दी है। इसके लिए चिन्हित किए गए भवनों के मालिकों को नोटिस थमाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व पार्षद मनोज बिश्नोई को भी नोटिस जारी किया है।
बीडीए सचिव की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि रानी बाजार, बीकानेर में होटल शौर्य 3.0 नाम से एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान का संचालन किया जा रहा है। बीकानेर विकास प्राधिकरण, बीकानेर के क्षेत्रिय कनिष्ठ अभियंता द्वारा मौका निरीक्षण के दौरान मौके पर संचालित व्यावसायिक गतिविधियों एवं मौके पर निर्मित भवन बिल्डिंग बायलॉज (भवन उप-नियम) के विपरीत प्रथम दृष्टया प्रतीत होने पर उक्त के संबंध में दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया, परंतु मौके पर उपरोक्त संचालित व्यावसायिक गतिविधियों एवं भवन निर्माण के संबंध में किसी भी प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाये गये। इस संबंध में नोटिस जारी कर आपको सूचित किया जाता है कि रानी बाजार, बीकानेर में संचालित होटल शौर्य 3.0 के संबंध में स्वामित्व संबंधित दस्तावेज, भवन निर्माण स्वीकृति, स्वीकृत मानचित्र की छायाप्रति, भू-उपयोग परिवर्तन इत्यादि की छायाप्रति नोटिस प्राप्ति के 1 दिवस के भीतर समक्ष प्रस्तुत करें। अन्यथा बीकानेर विकास प्राधिकरण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इधर, पूर्व पार्षद मनोज बिश्नोई ने कहा है कि खेजड़ी आंदोलन को कुचलने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। नोटिस में कागज पेश के लिए केवल एक दिन का समय दिया गया है। इससे जाहिर है कि यह नोटिस राजनीति से प्रेरित होकर दिया गया है।
















