






जयपुर Abhayindia.com आत्मा योजनान्तर्गत वर्ष 2026-27 में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को राज्य, जिला एवं पंचायत समिति स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा जयपुर ओमप्रकाश कुमावत ने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर कृषकों का गतिविधिवार चयन किया जाएगा, जिसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, जैविक खेती तथा नवाचार खेती शामिल हैं।
प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक कृषक का चयन किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक पंचायत समिति स्तर से कुल 5 कृषक चयनित होंगे। पंचायत समिति स्तर पर चयनित कृषकों में से जिला स्तर पर प्रत्येक गतिविधि के दो-दो सर्वश्रेष्ठ कृषकों सहित कुल 10 कृषकों का चयन किया जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर से चयनित कृषकों में से राज्य स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी में पांच-पांच कुल 10 कृषकों को पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-10 से 2025-26 तक आत्मा योजनान्तर्गत अथवा अन्य किसी भी योजना में किसी भी स्तर (पंचायत समिति, जिला एवं राज्य स्तर) पर जो कृषक पुरस्कृत हो चुके हैं, वे कृषक वर्ष 2026-27 के पुरस्कार हेतु पात्र नहीं होंगे। पुरस्कार राशि पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रुपए, जिला स्तर पर 25 हजार रुपए तथा राज्य स्तर पर 50 हजार रुपए निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रस्ताव के साथ कृषक का नाम, पिता का नाम, निवास स्थान, पंचायत समिति का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, बैंक खाता विवरण आईएफएससी कोड सहित, कार्य विवरण, उपलब्धियों के प्रमाण पत्र, रंगीन फोटोग्राफ एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है। योजना में मनोनयन हेतु आवेदन आमंत्रित करने की तिथि 30 अक्टूबर 2026 तक है। आवेदन नजदीकी कृषि पर्यवेक्षक, सहायक कृषि अधिकारी अथवा सम्बन्धित सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय में जमा कराए जा सकते हैं। आवेदन पत्र निःशुल्क उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि कार्यालय में सम्पर्क किया जा सकता है।







