जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने बताया कि योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा सूचीबद्ध प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में अध्ययन का अवसर प्रदान किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभाग के एसएसओ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन से पूर्व अभ्यर्थियों (मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध एवं पारसी) को अपना अल्पसंख्यक प्रमाण-पत्र बनवाकर जन आधार पोर्टल पर अपडेट कराना अनिवार्य है। जन आधार पर अल्पसंख्यक श्रेणी अपडेट नहीं होने की स्थिति में अभ्यर्थी का चयन अल्पसंख्यक श्रेणी में नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूर्ण कर लें ताकि आवेदन प्रारंभ होने पर बिना किसी परेशानी के आवेदन कर सकें।













