Hometrendingआंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं का फूटा दर्द : ओबीसी सर्वे और उड़ान योजना के...

आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं का फूटा दर्द : ओबीसी सर्वे और उड़ान योजना के अव्यावहारिक नियमों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

AdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com भारतीय मजदूर संघ (BMS) से संबद्ध राजस्‍थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ ने बिना मानदेय अतिरिक्त काम थोपने और ‘फेस कैप्चर’ प्रणाली का कड़ा विरोध किया है। महासंघ की बीकानेर जिला इकाई ने महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सुलगती समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की है।

महासंघ की बीकानेर जिला अध्यक्ष रेखा पंडित के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में साफ किया गया कि विभाग के अव्यावहारिक फैसलों और तकनीकी दिक्कतों के कारण जमीनी स्तर पर काम करना दूभर हो गया है और कार्यकर्ताओं का मानसिक व आर्थिक शोषण हो रहा है। ज्ञापन में रोष व्यक्त करते हुए बताया गया कि वर्तमान में राजस्थान में चल रहे OBC सर्वे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई जा रही है। शासन सचिव के स्पष्ट आदेश हैं कि कार्यकर्ताओं से गैर-ICDS (गैर-विभागीय) कार्य न लिया जाए, फिर भी प्रशासन नियमों की धज्जियां उड़ाकर उन पर अतिरिक्त काम थोप रहा है। इस सर्वे का कोई अतिरिक्त भुगतान भी नहीं किया जा रहा है, जिससे विभाग द्वारा दी जाने वाली 6 मुख्य सेवाएं (जैसे पोषण और बाल स्वास्थ्य) पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं। महासंघ ने इस अतिरिक्त ड्यूटी को तुरंत निरस्त करने की मांग की है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि उड़ान योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन वितरण के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की एसएसओ आईडी (SSO ID) से महिलाओं के जन आधार जोड़े जा रहे हैं। इसके बाद ‘फेस कैप्चर’ (Face Capture) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन करके ही नैपकिन बांटने का नियम बनाया गया है। एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र पर लाभार्थियों की संख्या 300 से 400 तक है। सर्वर डाउन रहने, इंटरनेट की कमी और पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के कारण फेस कैप्चर करना नामुमकिन हो रहा है। इस जटिल और अतिरिक्त कार्य के एवज में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा कार्यकर्ताओं को भुगतान किया जाता था, लेकिन वर्तमान में किसी भी तरह का भुगतान नहीं मिल रहा है। इससे पूरे राजस्थान की लगभग *63 हजार महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता* खुद को ठगा सा महसूस कर रही हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान बीकानेर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहीं BMS जिला अध्यक्ष रेखा पंडित के साथ प्रमुख रूप से रिना, सीता, बीना, मन्जू, गीता एवं सुदर्शना सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular