









बीकानेर Abhayindia.com गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में प्रसूति विभाग की समुचित सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। यह घोषणा सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सुरेंद्र वर्मा ने जन अभाव अभियोग सतर्कता समिति सदस्य मोहन सुराणा के साथ गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल का निरीक्षण करके की। प्रसूति विभाग को जल्द शुरू करने के लिए गंगाशहर सेटेलाइट के अधीक्षक मुकेश वाल्मीकि के साथ आवश्यक चिकित्सकों एवं संसाधनों के बारे में प्रिंसिपल वर्मा ने जानकारी ली।
मोहन सुराना ने कहा कि प्रसूति विभाग की दृष्टि से गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, प्री व पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, काॅटेज, वेटिंग हॉल आदि सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सुराना ने कहा कि गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा अस्पताल के विकास में महत्वपूर्ण कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गंगाशहर अस्पताल आस-पास के लगभग 10 गांवों के 2 लाख से अधिक व्यक्तियों को चिकित्सा की सुविधाओं के लिए अनुकूल है। क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में आवश्यक हुआ तो भामाशाहों के सहयोग तथा सांसद व विधायक कोटे से और भी संसाधनों की व्यवस्था की जा सकती है। सुराना ने कहा कि गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल में चिकित्सा की समुचित सुविधाएं विकसित होने से रोगी यहां प्राथमिकता देंगे व पी.बी.एम. अस्पताल पर दवाब कम होगा।
प्रिंसिपल डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने गंगाशहर अस्पताल में आभा, आई.एच.एम.एस. एवं मा योजना के बारे में जानकारी ली व इसका अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. वर्मा ने कहा कि इससे अस्पताल की आर.एम.आर.एस. की आय भी बढ़ेगी व इसका अस्पताल के विकास में समुचित उपयोग किया जा सकेगा। डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रसूति के लिए जल्दी ही समुचित संख्या में ट्रेंड मिडवाइफ की व्यवस्था अस्पताल में की जाएगी। जिससे अस्पताल में प्रसव की सुविधाएं हों सकेगी।
गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मीकि ने कहा कि अस्पताल में स्वीकृत चिकित्सकों के पद में तीन पद रिक्त हैं। अस्पताल के आउट डोर, प्रसूति विभाग, आपातकालीन विभाग आदि सेवाओं के लिए कम से कम एक गाइनी चिकित्सक, एक गाइनी एस.आर. व तीन एम.ओ. (चिकित्साधिकारियों) की आवश्यकता है। डॉ . बाल्मीकि ने कहा कि पूर्व में सर्जरी एस.आर. की व्यवस्था थी, अस्पताल में इसकी भी नितान्त आवश्यकता है। डॉ. वर्मा ने अस्पताल में प्रतिमाह होने वाले नेत्र चिकित्सा शिविरों में ऑपरेशन की जानकारी भी ली। उन्होंने बताया कि सेवा निवृत्त होने वाले नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. संजीव सहगल का पे माइनस पेंशन योजना में पुनर्नियुक्ति हेतु आवेदन भेजा हुआ है।
गंगाशहर नागरिक परिषद के गंगाशहर समिति के संयोजक जतन दूगड. ने बताया कि प्रिंसिपल डॉ. वर्मा व डॉ. जितेन्द्र आचार्य ने अस्पताल में वार्ड आदि अस्पताल के पूरे निरीक्षण के साथ ही अस्पताल में पार्किंग शेड के निर्माण व लिफ्ट के लिए जारी निर्माण कार्यों का भी अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया।
बच्छराज रांका ने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सुराना व श्याम चौधरी, गंगाशहर नागरिक परिषद् के जतन दूगड़, महेन्द्र चौपड़ा आदि सदस्यों, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मीकि, डॉ. विजयपाल सुनिया आदि चिकित्सकों एवं नर्सिंग प्रभारी मोहनलाल मोदी आदि स्टाफ कर्मियों ने प्राचार्य डाॅ. सुरेन्द्र वर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।



