जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून की सक्रियता से प्रचंड गर्मी से लोगों को काफी हद तक राहत मिली है। इस बीच, मौसम विभाग बुधवार को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 7 और 8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके चलते भरतपुर, अलवर, करौली, दौसा, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। बीते चौबीस घंटे के दौरान करौली, भरतपुर, अलवर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और सीकर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 66 मिमी बारिश डीग के रारह क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में दो इंच तक बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
















