








बीकानेर Abhayindia.com अज्ञात युवती की निर्ममता से हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले है। मंगलवार को पुलिस को अज्ञात युवती का शव जयपुर-जोधपुर बाईपास पर एक जर्जर मकान के अंडरग्राउण्ड में मिला था। इसके बाद जांच में जुटी पुलिस ने बुधवार को एक बार फिर से मौका मुआयना कर अहम सुराग जुटाए हैं।
सीओ सदर पवन भदौरिया और सीआई गोविन्द सिंह चारण के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने मौका स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस टीम ने बाईपास के समीप बने फार्म हाउस और सूने मकानों का भी जायजा लिया। सीओ सदर पवन भदौरिया ने बताया फिलहाल मृतक युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिनाख्त होने के साथ वारदात का पर्दाफाश हो जाएगा। इसके लिए जिलेभर में लापता युवतियों की सूची तैयार की जा रही है। उनके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की विशेष टीम को लगाया गया है। यह टीम बीती रात से जयपुर-जोधपुर बाईपास इलाके में संदिग्ध लोगों की निरागनी में जुटी है।
कत्ल कर अंडरग्राउण्ड में फैंका…
मामले के अनुसार अज्ञात हत्यारों ने करीब 25 साल की युवती की निर्ममता से कत्ल कर उसे जयपुर-जोधपुर बाइपास पर गणेश विहार कॉलोनी में पुराने मकान में ले गए। वहां शव को जर्जर अंडरग्राउंड की सीढियों पर पटका और सबूत मिटाने के लिए आग लगा दी।
मंगलवार की शाम इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती का शव अधजली हालत में मिला। उसकी आंखें बाहर निकली थी और गले पर निशान थे, उसके कपड़े जल चुके थे। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया जिसने जांच-पड़ताल की।
यह आशंका जताई जा रही…
शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि युवती को गला घोंटकर मारा है। फिर भी पोस्टमार्टम और एफएसल रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। जहां शव मिला है वह जमीन शिव कॉलोनी निवासी अशोक स्वामी की है। उसकी रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, साजिश और सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिन परिवारों की युवतियां लापता, उन्हें बुलाया
अज्ञात मृतका के शव की शिनाख्तगी के लिए पुलिस ने उन परिवारों के लोगों को पीबीएम अस्पताल बुलाया और मोर्चरी में लाश की शिनाख्तगी कराने के प्रयास किए। बताया जाता है कि अधजली होने के कारण लाश खासी विक्षिप्त हो जाने से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मोर्चरी के बाहर मौजूद सीआई गोविन्द सिंह चारण ने बताया कि वारदात की जांच अब लाश की शिनाख्तगी पर ही टिकी है।























