





बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस में इसको लेकर खुलकर बगावत शुरू हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम मुस्तफा ने इस मामले में रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में बड़ा बयान देते हुए पार्टी हाईकमान को अल्टीमेटम दे दिया है।
गुलाम मुस्तफा का आरोप, टिकट वितरण में हुई धांधली
मुस्तफा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में टिकट वितरण में धांधली हुई है। गैर-कांग्रेसी विचारधारा वाले लोगों को टिकट दे दिए गए, जिसकी वजह से क्रॉस वोटिंग हुई। उन्होंने कहा- “हम पार्टी हाईकमान का 7 दिन इंतजार करेंगे। इस दौरान दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो हम क्रॉस वोटिंग करने वालों के नाम खोलेंगे और आंदोलन करेंगे। दोषियों को तुरंत निलंबित किया जाए।”
उपमहापौर प्रत्याशी रही नसीम बानो का छलका दर्द
वहीं, कांग्रेस की उपमहापौर प्रत्याशी रही एवं गुलाम मुस्तफा की पुत्रवधू नसीम बानो ने भी अपना दर्द बयां किया। नसीम बानो ने कहा- “मैं अपनों से हारी हूं, पार्टी के लोगों ने मुझे हराया है। अपनों ने इतना बड़ा धोखा दिया, दिल बहुत दुखी हुआ है।” बानो ने मांग की कि क्रॉस वोटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
उन्होंने सवाल उठाया कि “जिन पांच लोगों ने नामांकन दाखिल किया, उनके पीछे किसका हाथ था? उनके नाम उजागर होते हुए उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। आलाकमान ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।” गौरतलब है कि बीकानेर उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी की हार हुई थी, जिसके बाद से लगातार क्रॉस वोटिंग के आरोप लग रहे हैं। अब PCC द्वारा बनाई गई 9 सदस्यीय जांच कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी।







