







बीकानेर Abhayindia.com उप-महापौर चुनाव के लिए मतदान से ठीक पहले बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास नगर निगम पहुंचे और मीडिया से खुलकर बात की। मेयर चुनाव में 30 पर सिमटने के बाद भाजपा बैकफुट पर थी, लेकिन व्यास ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर ही खरीद-फरोख्त का आरोप जड़ दिया।
विधायक व्यास ने क्या कहा? - 5 बड़े पॉइंट
1. “खरीद-फरोख्त कांग्रेस करती है” – व्यास बोले- खरीद-फरोख्त का काम कांग्रेस का है, जो महापौर के चुनाव में सिद्ध हो गया। कांग्रेस खुद खरीद-फरोख्त करके भाजपा पर झूठा आरोप लगा रही है।
2. “भाजपा में खरीद-फरोख्त का कोई स्थान नहीं” – भारतीय जनता पार्टी में खरीद-फरोख्त और परिवारवाद का कोई स्थान नहीं है। हम सैद्धांतिक पार्टी हैं।
3. “जिस पर विश्वास था, उसने वोट दिया” – मेयर चुनाव पर सफाई देते हुए व्यास बोले- जिस पर हमें विश्वास था, उन्होंने हमें वोट दिया। हमारे पार्षद एकजुट हैं।
4. “भाजपा आज भी सिद्धांत पर चुनाव लड़ेगी” – भाजपा अपने सिद्धांत के साथ आज भी उप-महापौर का चुनाव लड़ने जा रही है। हम किसी प्रलोभन में नहीं हैं।
5. “अंतरात्मा से वोट की अपील” – व्यास बोले- पार्टी सभी पार्षदों से अनुरोध करेगी कि अपनी अंतरात्मा से वोट कीजिए। विकास के नाम पर वोट कीजिए।
मेयर चुनाव की हार के बाद भाजपा का डैमेज कंट्रोल
आपको बता दें कल मेयर चुनाव में भाजपा 51 प्लस का दावा कर रही थी, लेकिन उसे केवल 30 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के अनिल कल्ला 50 वोटों से जीते थे। हार के बाद भाजपा पर नोटिस पॉलिटिक्स और जोड़-तोड़ के आरोप लगे थे। आज विधायक व्यास के इस बयान को उसी हार के बाद डैमेज कंट्रोल के तौर पर देखा जा रहा है।
आज भाजपा ने वार्ड 51 के पंकज गहलोत को उप-महापौर प्रत्याशी बनाया है। अब देखना होगा कि व्यास की ‘अंतरात्मा’ वाली अपील कितने पार्षदों के दिल को छू पाती है।







