बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर सियासी माहौल अब गर्मा रहा है। भाजपा ने वार्डों में टिकट वितरण से पहले ही डैमेज कंट्रोल की राजनीति शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि भाजपा के प्रत्याशियों की पहली सूची आज देर रात तक जारी हो सकती है। इसके साथ ही विरोध के स्वर भी तेज हो सकते हैं। इसकी अहम वजह दावेदारों की संख्या ज्यादा होना बताया जा रहा है। इसके अलावा कुछ चेहरों को लेकर पार्टी के नेताओं में ही “अहम” की लड़ाई चल रही है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का बाजार गर्म है।
इस बार भाजपा में टिकट के लिए सर्वाधिक आवेदन सामने आए हैं। निगम के कुल 80 वार्डों में 800 से ज्यादा आवेदन आ गए हैं। ऐसे में कई वार्डों में टिकट को लेकर रस्साकशी तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा में टिकट वितरण के बाद कई जगह नेताओं में आपसी टकराव की स्थिति बन सकती है। क्योंकि कई नेताओं ने खुले तौर पर ऐसे दावेदारों को टिकट देने का विरोध किया है जो उनके गुडफेथ में नहीं आते। इसे देखते हुए पार्टी ने डैमेज कंट्रोल की राजनीति शुरू कर दी है। टिकट वितरण के बाद फूटने वाले आक्रोश को झेलने और शांत करने के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने मोर्चा संभाल रखा है। उन्होंने दो दिन पहले पार्टी के कार्यकर्ताओं को करणी माता की सौगंध दी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी जिस प्रत्याशी को भी टिकट दे, कार्यकर्ता फैसले के साथ मजबूती से खड़े रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा के प्रत्याशियों को जीत दिलाने का आह्वान किया।
आपको बता दें कि टिकट वितरण से पहले ही पार्टी के उच्च पदाधिकारियों को बीकानेर भेज दिया गया है। बीकानेर संभाग के प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने यहां कार्यकर्ताओं और नेताओं में चल रही अनबन को दूर करने की कोशिश की तथा टिकट वितरण के बाद पार्टी प्रत्याशी का विरोध नहीं करने का आह्वान किया। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टिकट वितरण के बाद असंतुष्टों को राजी करने की पार्टी की रणनीति कितनी कारगर रहती है।
















