जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर से 7 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इससे पहले 28 अगस्त से आगामी एक सप्ताह के लिए राजस्थान में मानसून कमजोर रहेगा।
विभाग के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। बीते कुछ घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश झालावाड़ के बकानी में 114 एमएम दर्ज की गई। दौसा जिले में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हुई, जिससे जलभराव की स्थिति देखने को मिली। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 41.4 डिग्री (सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि राजस्थान में 28 अगस्त से एक सप्ताह के लिए बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। सितंबर के पहले सप्ताह में फिर बारिश बढ़ेगी।
जानें- अगले छह दिनों का पूर्वानुमान...
28 अगस्त : भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में बारिश
29 अगस्त : उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना
30 अगस्त : भरतपुर, कोटा संभाग
31 अगस्त : भरतपुर, उदयपुर और जोधपुर संभाग
1 सितंबर : भरतपुर और उदयपुर संभाग
2 सितंबर : जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं बारिश
मुख्य अलर्ट : 4 से 7 सितंबर पूर्वी राजस्थान में बारिश में बढ़ोतरी
बांधों की चिंताजनक स्थिति
इस बार मानसून सुस्त होने के कारण अभी 23 प्रमुख बांध खाली पड़े हैं। इनमें सबसे प्रमुख राजधानी जयपुर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध भी शामिल है, जो अभी भी डेढ़ मीटर खाली है। आंकड़ों पर नजर डालें तो-
– राजस्थान के 23 बांधों में इस बार औसत 64 प्रतिशत ही पानी संग्रहित हो पाया है।
– प्रदेश में कुल 693 बांध हैं।
– इनमें 43 बांध लबालब होकर ओवरफ्लो हुए हैं।
– 205 बांध पूरी तरह खाली हैं।
– 445 बांध आंशिक रूप से भरे हुए हैं।
















