Hometrendingराजस्थान निकाय चुनाव 2026 : सियासी सरगर्मी तेज, आज या कल आ...

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 : सियासी सरगर्मी तेज, आज या कल आ सकती है भाजपा-कांग्रेस की पहली लिस्ट

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। खासतौर से सबकी नजरें अब भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की आने वाली सूची पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि दोनों ही पार्टियां आज देर रात या 29 अगस्त को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती हैं। दोनों ही दलों ने जिताऊ चेहरों की खोजबीन कर ली है। पहली सूची में उन वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सामने आने की संभावना है, जहां विवाद नहीं है।

प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा ने गुरुवार को अजमेर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के 17 जिलों की 117 नगरीय निकायों के करीब 3935 वार्डों पर मंथन किया। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में दोपहर से शुरू हुई बैठक देर रात तक चली। इस दौरान तीन-तीन नामों के पैनल पर विचार किया गया। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कई वार्डों के लिए नाम तय कर लिए गए, लेकिन इसकी सूचना संभवत: आज या कल कभी भी जारी हो सकती है। भाजपा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजेय कुमार और चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी समेत प्रमुख नेता मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार 28 अगस्त को भरतपुर-कोटा और 29 अगस्त को जोधपुर-जयपुर संभाग की बैठक होगी।

इधर, कांग्रेस में भी प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन का दौर तेज हो गया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय में सुबह से रात तक जिलेवार बैठकें हुईं। जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में भेजे गए प्रभारियों से निकायों की जमीनी स्थिति, वार्डवार दावेदारों और उनकी जीत की संभावनाओं पर चर्चा की गई। प्रभारियों को मजबूत और जीतने की स्थिति वाले दावेदार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कार्यालय में दिनभर दावेदारों और नेताओं की भीड़ लगी रही। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नामों को सहमति से अंतिम रूप देने के निर्देश दे दिए हैं तथा संभवत: प्रत्याशियों की पहली सूची 29 अगस्त को जारी हो सकती है।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular