Hometrendingनशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार : 20 दिन में 1158...

नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार : 20 दिन में 1158 गिरफ्तार, बीकानेर में सबसे ज्‍यादा, 9750 किलो मादक पदार्थ जब्त,

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान को नशामुक्त बनाने की दिशा में राजस्थान पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार धरपकड़ कार्रवाई कर रही है। गत 20 जुलाई से शुरू हुए एक माह के विशेष अभियान के पहले 20 दिनों में पुलिस ने प्रदेशभर में 848 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 1158 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न पुलिस रेंज एवं पुलिस आयुक्तालयों में कार्रवाई के दौरान 9750 किलोग्राम से अधिक डोडा पोस्त, डोडा चूरा, अफीम, गांजा, स्मैक, एमडीएमए और हेरोइन सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। यह विशेष अभियान 20 अगस्त तक जारी रहेगा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान में विशेष रूप से वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी और बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन और तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए गिरफ्तारी के साथ-साथ मादक पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल भी तेज कर दी है।

नारकोटिक्स के खिलाफ कार्रवाई में बीकानेर रेंज ने सर्वाधिक 206 प्रकरण दर्ज कर 273 तस्करों को गिरफ्तार किया। अजमेर रेंज में 92 प्रकरणों में 144, कोटा रेंज में 86 प्रकरणों में 125, जोधपुर रेंज में 80 प्रकरणों में 118, जयपुर रेंज में 96 प्रकरणों में 117 तथा उदयपुर रेंज में 111 प्रकरणों में 185, भरतपुर रेंज में 56 प्रकरणों में 73 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, जयपुर आयुक्तालय में 92 प्रकरणों में 91 तथा जोधपुर आयुक्तालय में 29 प्रकरणों में 32 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

हार्डकोर अपराधियों पर भी शिकंजा

इस विशेष अभियान के दौरान 2067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध 2085 कार्रवाई की गई। अभी तक 1624 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अवैध हथियारों पर 319 प्रकरण दर्ज कर 396 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

साइबर अपराध में 8.24 करोड़ रुपये होल्ड

साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में 624 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 8 करोड़ 24 लाख रुपए से अधिक राशि होल्ड कराते हुए 2 करोड़ 91 लाख 63 हजार रुपए से अधिक राशि पीड़ितों को वापस दिलाई है। अवैध खनन के खिलाफ भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान 650 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।

नाकाबंदी से लेकर महिला सुरक्षा तक सख्ती

अभियान के तहत 9663 स्थानों पर नाकाबंदी कर 7 लाख 4 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट में 2 लाख 32 हजार से अधिक कार्रवाईयां की गई। इनमें पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग सहित विभिन्न मामलों में सख्ती बरती। अभियान में महिला सुरक्षा से जुड़े 2835 मामलों में कार्रवाई तथा 7545 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही 1060 सीएलजी बैठकों के जरिए आमजन से संवाद कर सामुदायिक पुलिसिंग को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए।

प्रभावी अंकुश, आमजन 
में सुरक्षा का विश्वास

‘मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस संगठित अपराध, साइबर अपराध, महिला अपराध, नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रही है। पुलिस के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। इससे अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास अधिक मजबूत होगा।’ -राजीव कुमार शर्मा, पुलिस महानिदेशक, राजस्थान

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular