बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के सीनियर प्रोफेसर एवं सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल दवां के नाम का दुरुपयोग कर फर्जी सर्जरी बिलों से इंश्योरेंस क्लेम लेने का मामला सामने आया है। जयपुर के एक निजी अस्पताल और उसके स्टाफ पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ठगी करने का आरोप लगा है। डॉ. दवां की रिपोर्ट पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, करणी नगर, पवनपुरी निवासी डॉ. मनोहर लाल दवां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि जयपुर स्थित अंजना अस्पताल, मेन मार्केट, विराट नगर के प्रभारी अधिकारी और अन्य अस्पताल स्टाफ ने उनके नाम से फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए हैं।
आरोप है कि इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर डॉ. दवां के नाम से सर्जरी के फर्जी बिल बनाकर बीमा कंपनियों से इंश्योरेंस क्लेम प्राप्त किया जा रहा है। जबकि डॉ. दवां ने संबंधित मरीजों की कोई सर्जरी नहीं की है और न ही वे जयपुर के उक्त अस्पताल से जुड़े हैं। डॉ. दवां को जब इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिवादी की रिपोर्ट पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने अंजना अस्पताल के प्रभारी अधिकारी और अन्य अज्ञात स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धोखाधड़ी, कूटरचना और दस्तावेजों में हेराफेरी से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई पांचाराम को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि अब तक कितने फर्जी क्लेम किए गए, किस-किस बीमा कंपनी को निशाना बनाया गया और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।













