बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश* और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पंजाब से डोडा पोस्त लेकर आ रहे तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह मिली सूचना के आधार पर एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह और सीओ हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में सीआई विकास बिश्नोई के नेतृत्व में नाल क्षेत्र में सघन नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गुरुसेवक सिंह निवासी भटिंडा, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। बरामद डोडा पोस्त का वजन 6 किलो 538 ग्राम निकला।
एक महीने में छठी बड़ी कार्रवाई
नाल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पिछले एक महीने में यह लगातार छठी कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र से लगते इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आईजी ओमप्रकाश ने निर्देश दिए हैं कि तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। इसी कड़ी में नाल पुलिस लगातार गश्त और नाकाबंदी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी गुरुसेवक सिंह से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह डोडा पोस्त कहां से लाया था और इसे बीकानेर में किसे सप्लाई करने वाला था। इसके साथ ही इसके पीछे के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
कार्रवाई टीम को मिली शाबाशी
इस कार्रवाई में एएसआई सुभाष, एएसआई जय सिंह, एएसआई मेनपाल, एएसआई सहीराम, हेड कांस्टेबल जगदीश, कांस्टेबल पवन और ड्राइवर मांगीलाल की टीम शामिल थी। उच्चाधिकारियों ने पूरी टीम की सतर्कता और मेहनत की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













