








बीकानेर Abhayindia.com नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट & जैन कॉलेज बैच 1992-95 द्वारा संचालित ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना के अंतर्गत 10वें सप्ताह का सेवा कार्यक्रम रविवार प्रातः भीनासर गोचर भूमि स्थित गौ चिकित्सालय में श्रद्धा, उत्साह एवं सेवा भाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान गौवंश के लिए हरे चारे की व्यवस्था की गई, लड्डू सेवा सम्पन्न की गई तथा जल टैंकर के माध्यम से जल सेवा का कार्य किया गया। उपस्थित साथियों ने गौसेवा को मानवता, जीव दया एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए नियमित रूप से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
इस सप्ताह के सेवा सहयोगी परिवारों में राजेश सुराणा एवं शारदा सुराणा (दिल्ली), राजेन्द्र चौधरी एवं ममता चौधरी (बीकानेर) तथा गणेश दैया एवं बिंदिया दैया (बीकानेर) का विशेष सहयोग रहा। सभी उपस्थित साथियों ने इनके सेवा भाव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विजय बोथरा, सुशील नागौरी, बृजरतन भोजक, गणेश दैया, राजेन्द्र चौधरी, प्रेम प्रकाश सोनी, राजेन्द्र लखोटिया, राजेश बोथरा, मनीष मूंधड़ा, पुखराज लालानी, मुकेश जांगिड़, विनोद जांगिड़, संजय सेठिया एवं कुमारी लोचन भोजक सहित अनेक सेवा साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। साथ ही, गौ चिकित्सालय के व्यवस्थापक यशवेंद्र चौधरी के नेतृत्व में उनकी टीम ने भी कार्यक्रम में सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए सेवा कार्यों एवं व्यवस्थाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित साथियों ने बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौवंश के उपचार एवं पुनर्वास के लिए गौ चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सीय व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर यशवेंद्र चौधरी ने चिकित्सालय में संचालित विभिन्न सेवाओं, उपचार पद्धतियों तथा गौवंश की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उपस्थितजनों ने चिकित्सालय की सेवाओं एवं समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया।
सेवा कार्यक्रम के उपरांत परम्परा के अनुसार सभी उपस्थित जनों को शुद्ध दूध से निर्मित शीतल एवं स्वादिष्ट छाछ का वितरण किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम का समापन आत्मीय एवं पारिवारिक वातावरण में हुआ, जिसमें सभी साथियों ने सामूहिक रूप से गीत-संगीत का आनंद लिया। विशेष आकर्षण के रूप में सेवा साथी राजेन्द्र लखोटिया द्वारा प्रस्तुत मनमोहक बांसुरी वादन ने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा पूरे वातावरण को मधुरता एवं सौहार्द से सराबोर कर दिया।
योजना के संयोजक CA विनोद कुमार पारख ने बताया कि ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना का उद्देश्य छोटी-छोटी सहभागिताओं के माध्यम से सेवा, संवेदना एवं सामाजिक सरोकारों को सशक्त बनाना है। विगत दस सप्ताहों से निरंतर चल रही यह सेवा यात्रा समाज में सकारात्मक परिवर्तन, जीव दया एवं मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने का प्रेरक उदाहरण बनती जा रही है।


