








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में नशे के काले कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स वंदे भारत ट्रेन की गति से आगे बढ़ रही है। एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत रविवार को टास्क फोर्स ने स्थानीय पुलिस के समन्वय से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रो में कार्रवाइयों का छक्का लगाया है। इस महा-ऑपरेशन के दौरान अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 92 लाख रुपये की कीमत का अवैध मादक पदार्थ 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, गांजे के 139 हरे पौधे, स्मैक, अफीम) जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
1. भीलवाड़ा (मांडल): मेवाड़ से मारवाड़ जा रहा जहर का ट्रक जब्त
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ (मेवाड़) से कोटा बाईपास होता हुआ एक ट्रक मांडल के रास्ते बाड़मेर (मारवाड़) जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ है। टीम ने भीलवाड़ा के मांडल में कोठारी नदी की पुलिया पर नाकाबंदी की। हुलिए का ट्रक (RJ 38 GA 4189) आते देख जब उसे रोकने का इशारा किया गया, तो चालक ट्रक को तेज गति से भगा ले गया। टीम ने पीछा कर मांडल चौकी के सामने सर्विस रोड पर ट्रक को रुकवाया। शातिर तस्कर प्रकाश जाट (31) निवासी ढाको का तला, धनाऊ, बाड़मेर पुलिस को गुमराह करने लगा।
गैस कटर मशीन से खोला राज : जब स्थानीय मांडल पुलिस के साथ ट्रक के पीछे डाले को देखा गया तो वह बिल्कुल खाली था। लेकिन गहनता से जांच करने पर पता चला कि तस्कर ने ट्रक की चेचिस, बॉडी, केबिन और फर्श के बीच 1-1 फीट गहरे गुप्त चैंबर बना रखे थे और ऊपर से लोहे की चादर की वेल्डिंग करवा रखी थी। एएनटीएफ ने गैस कटर मशीन मंगाकर लोहे के इन गुप्त चैंबरों को कटवाया, तो उनके भीतर से 517.07 किलो ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
तस्करी का सौदा : आरोपी प्रकाश मारवाड़ में बैठे अपने आकाओं तक खेप पहुंचाने के लिए प्रति चक्कर 20,000 रुपये लेता था। उसने पुलिस से बचने और पहचान छुपाने के लिए अपनी नंबर प्लेट पर टेप चिपका रखी थी।
2. करौली (हिण्डौन सिटी): बगीची में लहलहा रही थी गांजे की अवैध खेती
एएनटीएफ की पुख्ता सूचना पर हिण्डौन सिटी थाना पुलिस ने बयाना रोड पर स्थित एक बगीची पर संयुक्त छापेमारी की। वहां पटवारी को मौके पर बुलाकर जमीन की पैमाइश कराई गई, तो पता चला कि 0.23 हेक्टेयर (आराजीयत भूमि) में अवैध गांजे की फसल खड़ी है। यह भूमि प्रतीक चतुर्वेदी पुत्र महेश चंद के नाम दर्ज पाई गई। पुलिस ने मौके से गांजे के 139 हरे पौधे (कुल वजन 26.215 किलोग्राम) जब्त कर जमीन मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।
3. बाड़मेर (चौहटन): मारवाड़ टी एंड कैफे पर रेड, अफीम और डोडा चूरा बरामद
चौहटन के विरात्रा तिराहा स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर संचालित मारवाड़ टी एंड कैफे पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त दबिश दी। अचानक हुई इस छापेमारी से कैफे मालिक हक्का-बक्का रह गया। दुकान की तलाशी लेने पर 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा, 75 ग्राम विनिर्मित अफीम और नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 3600 रुपये नगद बरामद हुए। मौके से आरोपी कालूराम उर्फ खुमाराम बिश्नोई (66) निवासी चौहटन आगौर को गिरफ्तार किया गया।
4. उदयपुर (सविना): पुलिस को देख भाग रहे स्कूटी सवार दबोचे, डिग्गी से निकला गांजा
उदयपुर-सलुम्बर मेन रोड पर गश्त के दौरान फला मजरा बीड़ा डाकन कोटड़ा के पास सड़क किनारे स्कूटी लेकर खड़े दो युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर जब दोनों को सविना थाना पुलिस की मौजूदगी में डिटेन किया गया, तो स्कूटी की डिग्गी से 483.9 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मामले में आरोपी नवाजिश खान (25) निवासी भूपालपुरा हाल सविना और संजय लोहार (37) निवासी वर्मा कॉलोनी, सविना को गिरफ्तार किया गया।
5. बाड़मेर (धनाऊ): कपड़ों की आड़ में नशा बेच रहा था व्यवसायी
धनाऊ कस्बे में स्थित रमेश वस्त्र भंडार में कपड़ों के व्यापार की आड़ में नशे का धंधा किए जाने की पुख्ता सूचना पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ रेड की। दुकान की सघन तलाशी में 448 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी दुकान संचालक थानसिंह उर्फ थानाराम जाट (36) निवासी करड़ो का तला, धनाऊ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थानसिंह के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
6. नागौर (सदर): बिना नंबरी बोलेरो में स्मैक बेचता पुराना तस्कर फिर गिरफ्तार
नागौर के गोगेलाव गांव की एक गली में बिना नंबरी बोलेरो गाड़ी में अवैध मादक पदार्थ बेचने की सूचना पर एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर गाड़ी से उतरकर भाग रहे शातिर तस्कर नाथूराम जाट (37) निवासी उत्तरादी ढाणी, गोगेलाव को तत्परता से दबोचा गया। गाड़ी की तलाशी में 7 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद स्मैक व बोलेरो को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि इस शातिर आरोपी नाथूराम को मई 2026 में भी एएनटीएफ की टीम ने ही सलाखों के पीछे भेजा था।
सराहनीय कार्य करने वाली टीमें होंगी सम्मानित
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने इस शानदार सफलता पर भीलवाड़ा के मांडल, करौली के हिण्डौन सिटी, बाड़मेर के चौहटन व धनाऊ, उदयपुर के सविना और नागौर के सदर थाना पुलिस की विशेष भूमिका की सराहना की है। उन्होंने घोषणा की कि इस महा-ऑपरेशन में शामिल सभी जांबाज पुलिस अधिकारियों और जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
ANTF की आमजन से अपील : "आप दें सूचना, हम रखेंगे गुप्त"
“नशे को जड़ से उखाड़ फेंकना है, अब नहीं रुकना है, नशा मुक्त भारत बनाना है।” आईजी विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके पास नशे के कारोबारियों या किसी भी अपराधी से जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो वे तुरंत एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर साझा करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान और गोपनीयता का पूर्ण रूप से ख्याल रखा जाएगा।


