Tuesday, April 28, 2026
Hometrendingकरणी इंडस्ट्रियल एरिया में अघोषित बिजली कटौती से उद्योगों को प्रतिदिन लाखों...

करणी इंडस्ट्रियल एरिया में अघोषित बिजली कटौती से उद्योगों को प्रतिदिन लाखों का नुकसान

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com करणी इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण क्षेत्र के उद्योगपतियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना के की जा रही इस कटौती से औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उद्योगपतियों का कहना है कि अचानक बिजली बंद होने से मशीनों का संचालन बाधित हो जाता है, जिससे उत्पादन प्रक्रिया रुक जाती है और निर्धारित समय में ऑर्डर पूरे करना मुश्किल हो जाता है। इसके अतिरिक्त, लेबर का समय भी व्यर्थ चला जाता है, जिससे श्रम लागत में अनावश्यक वृद्धि हो रही है।

उन्‍होंने बताया कि कटौती के कारण उत्पादन लागत बढ़ने से तैयार उत्पाद महंगे पड़ रहे हैं, जिससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखना उद्योगों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। उद्योग जगत का अनुमान है कि मात्र एक घंटे की बिजली कटौती से ही लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में डी-6 के ए.ई.एन. प्रवीण विश्नोई को करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष इमरान राठौड़ द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। इस पर विश्नोई ने समस्या के समाधान के लिए हर संभव सहयोग एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने संबंधित विभाग से मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा यदि किसी कारणवश कटौती आवश्यक हो तो पूर्व सूचना प्रदान की जाए, ताकि उद्योग अपने कार्य का समुचित प्रबंधन कर सकें। राठौड़ ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो एसोसिएशन द्वारा सख्त कदम उठाए जाएंगे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!