






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती के निर्णय के खिलाफ शिक्षकों ने विरोध के स्वर तेज कर दिए है। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के नेतृत्व में जयपुर सहित विभिन्न जिलों में शिक्षकों ने प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान शिक्षकों ने उपखंड अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्णय को वापस लेने की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ग्रीष्मावकाश और अन्य अवकाशों में की गई कटौती अनुचित है। उनका तर्क है कि गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, ऐसे में अवकाश कम करना व्यावहारिक नहीं है।
जयपुर के आमेर, हवामहल और सांगानेर सहित कई क्षेत्रों में शिक्षकों ने संगठित होकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।शिक्षक संगठनों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्णय लेने से पहले शिक्षकों की राय लेना जरूरी है। फिलहाल, सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


