






बीकानेर Abhayindia.com देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने मुख्यमंत्री से बीकानेर के किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुए फसली नुकसान के लिए मुआवजा देकर राहत प्रदान करने की मांग की है। इस संबंध में सियाग ने मुयमंत्री को जरिये जिला कलेटर पत्र प्रेषित कर जिले की नोखा, लूणकरणसर, कोलायत, खाजूवाला और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश से रबी फसलें करीब 90त्न तक नष्ट हो गई हैं।
सियाग ने कहा है कि जिले में इसबगोल, गेहूं, जीरा, चना आदि सहित सभी प्रकार की रबी फसलों में से कुछ की कटाई हो रही थी जो कि खेत के खले और खलियान में पड़ी थी तथा अधिकतर फसलें खेतों में खड़ी थी, जिनका पूर्ण रूप से खराबा हो गया है। सियाग ने कहा कि किसानों द्वारा बैंकों, सहकारी बैंकों, आड़तियों व साहूकारों से महंगी ब्याजदर पर रुपये उधार लेकर फसलों की बुआई के समय बीज, ट्रेक्टर खाद व लेबर आदि के पैसे चुकाकर फसलें तैयार की थी लेकिन इस तेज अंधड़ व बेमौसम बरसात से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है तथा जिससे किसानों को गंभीर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि रबी फसलों की बुआई करने के बाद किसानों को यूरिया की किल्लत का सामना करते हुए लाइनों में लगना पड़ा था और अब प्राकृतिक आपदा की मार पड़ गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि नुकसान का विशेष गिरदावरी/सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें।


