








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच, मौसम विभाग ने भी अगले तीन दिन मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज 18 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से आगामी दो-तीन दिन कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, आंधी-बारिश (40-50 Kmph) व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है।
विभाग के अनुसार, 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी के साथ हल्की बारिश होने, शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
इसी तरह 19 व 20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने की संभावना है। 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं, 20 मार्च को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph), बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।


