Saturday, April 25, 2026
Hometrendingबीकानेर में खेजड़ी की कटाई "खेल" अब भी जारी, दो वाहन जब्‍त,...

बीकानेर में खेजड़ी की कटाई “खेल” अब भी जारी, दो वाहन जब्‍त, केस भी दर्ज

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com श्रीडूंगरगढ़ के तोलियासर गांव में 51 हरे पेड़ काटने का मामला सामने आया है। इनमें से 18 पेड़ खेजड़ी के भी शामिल हैं। वन विभाग की टीम ने कटे पेड़ों का परिवहन करने पर दो गाडिय़ां जब्‍त की हैं। चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

आपको बता दें कि तोलियासर गांव के एक खेत में गुरुवार को खेजड़ी के पेड़ काटने पर विवाद हो गया था। इस दौरान ग्रामीणों ने दो गाडिय़ों को रोक लिया। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग का दल रात को मौके पर पहुंचा, लेकिन पूरे पेड़ों की गिनती नहीं की जा सकी। इस वजह से मौका पर रिपोर्ट भी तैयार नहीं की गई थी। शुक्रवार को सुबह ही वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक पिकअप और एक ट्रैक्‍टर जब्‍त कर लिया गया। खेत में खेजड़ी के 18 पेड़ कटे हुए थे। इनमें से 13 पेड़ों के ठूंठ ही नजर आए। उन्हें काट कर अन्यत्र ले जाया जा चुका था। पांच पेड़ तने से कटे हुए थे। इसके अलावा 33 पेड़ विलायती बबूल के भी कटे हुए मिले हैं। दोनों गाड़ी चालकों के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह पेड़ खसरा नंबर 506 में काटने बताए गए हैं। गिरदावर की मौका रिपोर्ट में 14 पेड़ों के ठूंठ बताए गए हैं। 13 विलायती बबूल बताए गए हैं। दोनों की रिपोर्ट में अंतर है। श्रीडूंगरगढ़ तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा के अनुसार, वन विभाग ने छोटे पेड़ भी शामिल किए होंगे। कुछ पेड़ उन्होंने गाड़ी में भी जब्‍त किए हैं।

आपको बता दें कि सरकार की रोक के बावजूद काटे जा रहे खेजड़ी के पेड़ खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत बीकानेर में 11 दिनों तक महापड़ाव और आमरण अनशन किया गया था। सरकार को झुकना पड़ा। खेजड़ी की कटाई पर प्रतिबंध के आदेश जारी किए गए। जिला कलेक्‍टर को भी पाबंद किया गया, कहीं भी खेजड़ी के पेड़ नहीं काटने चाहिए। उसके बाद भी लोग बेखौफ होकर राज्य वृक्ष खेजड़ी को काटने में जुटे हुए हैं। सोलर प्लांटों पर गुपचुप तरीके से खेजड़ी के पेड़ों की कटाई की खबरें आ रही हैं। हालांकि, सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदार और पटवारी को कड़े निर्देश दिए हुए हैं कि कहीं भी खेजड़ी के पेड़ काटने की सूचना मिले तो तत्काल मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि सभी सोलर प्लांट संचालकों को कह दिया गया है कि वे खेजड़ी के पेड़ों की कटाई पूरी तरह से बंद कर दें। तोलियासर गांव में करीब 70 बीघा जमीन चार लोगों ने साझेदारी में खरीदी है। इस जमीन की सफाई का काम पिछले कई दिनों से चल रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!