Friday, April 24, 2026
Hometrendingरणजीतपुरा की मासूम छात्रा हत्याकांड पर आक्रोश व्‍याप्‍त, नेता मौके पर डटे,...

रणजीतपुरा की मासूम छात्रा हत्याकांड पर आक्रोश व्‍याप्‍त, नेता मौके पर डटे, विधायक ने की मंत्री से बात

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर जिले के रणजीतपुरा क्षेत्र में मासूम छात्रा की निर्मम हत्या की घटना को लेकर ग्रामीणों में और जिलेभर में आक्रोश व्‍याप्‍त हो गया है। इस संगीन घटना को अंजाम देने वालों को जल्‍द गिरफ्तार करने व प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर लोग आज भी बज्‍जू में धरने पर बैठे रहे। उनके साथ मंत्री पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, महेन्‍द्र गहलोत, भागीरथ तेतरवाल सहित अनेक नेता भी डटे रहे। कलक्‍टर और एसपी के साथ उनकी दो बार वार्ताएं भी हुई लेकिन धरनार्थी मृतका का पोस्‍टमार्टम कराने काे तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद ही मृतका का पोस्‍टमार्टम कराया जाएगा।

इधर, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने सोमवार को जयपुर में राजस्थान सरकार के गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर पूरे मामले पर गंभीरता से चर्चा की। विधायक भाटी ने प्रकरण की निष्पक्ष, त्वरित और उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

विधायक भाटी ने कहा कि यह घटना न केवल बेहद दुखद है बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य घटना सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पर गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधायक भाटी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जांच पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता से करवाई जा रही है। दोषियों को हर हाल में कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।

विधायक भाटी ने बताया कि वे आज ही इस मामले को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात करेंगे, ताकि प्रकरण में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जा सके तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जा सकें। भाटी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

आपको बता दें कि इस मामले की गूंज आज राजस्थान विधानसभा में भी रही। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और सूरतगढ़ विधायक डूंगराराम जी गेधर द्वारा रणजीतपूरा (बज्जू) में 8वीं कक्षा की नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार कर हत्या करने के मामले को राजस्थान विधानसभा में उठाया गया। उन्‍होंने कहा कि आज तीसरा दिन है, बज्जू मोर्चरी के आगे बज्जू कस्बे के हजारों ग्रामीण मुलजिमों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे है। मेरी पुनः राज्य सरकार और बीकानेर जिला प्रशासन से मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!