








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से बिना वांछित योग्यता सहायक विद्युत निरीक्षक और कनिष्ठ रसायनज्ञ भर्ती-2025 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन विदड्रॉ का अवसर दिया गया है। इस हेतु ऑनलाईन आवेदन विदड्रॉ करने का लिंक 20 से 22 दिसंबर तक सक्रिय रहेगा।
सहायक विद्युत निरीक्षक की परीक्षा 1 दिसंबर, 2026 को प्रस्तावित है। इस पद के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री के साथ 3 साल या डिप्लोमा के साथ 10 साल का अनुभव अनिवार्य है। आयोग द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच पश्चात 94 ऐसे अयोग्य अभ्यर्थियों की नमूना सूची जारी की गई है जो इन शर्तों को पूरा नहीं करते।
कनिष्ठ रसायनज्ञ पद के लिए केमिस्ट्री में द्वितीय श्रेणी के साथ एमएससी होना अनिवार्य है। इस भर्ती अंतर्गत आवेदन करने वाले 114 अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची आयोग द्वारा जारी की गई है। इस परीक्षा का आयोजन 1 फरवरी, 2026 को किया जाना प्रस्तावित है।
आयोग सचिव ने कहा कि इन सूचियों में सम्मिलित अभ्यर्थियों सहित अन्य कोई अभ्यर्थी जो उक्त पदों की शैक्षणिक योग्यता नहीं रखते हैं और उन्होंने उक्त पदों हेतु ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उनको आगाह किया जाता है कि वे अपना ऑनलाईन आवेदन पत्र आवश्यक रूप से प्रत्याहारित कर लेवें। यदि ऐसे अभ्यर्थी खुद अपना आवेदन वापस नहीं लेते हैं, तो उन्हें आयोग द्वारा भविष्य की सभी परीक्षाओं से डिबार कर दिया जाएगा और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 217 के तहत कार्रवाई भी की जाएगी।


