








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर वेलनेस सेंटर की टीम की ओर से बिनानी कन्या कॉलेज में छात्राओं के सर्वांगीण स्वास्थ्य के उद्देश्य से एक दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग वेलनेस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप का नेतृत्व मनोचिकित्सक रिद्धि डूमरा ने किया। वर्कशॉप में आत्म जागरूकता, आत्म संपर्कता को बहुत सुंदर तरीके से प्रस्तुत करते हुए छात्राओं को समझाया गया।
इस अवसर पर डॉ. वत्सला गुप्ता (प्राकृतिक चिकित्सक एवं योगाचार्य) ने पंच तत्व चिकित्सा की जानकारी देते हुए बताया कि सही जीवन शैली नहीं होने और शरीर में विषाक्त पदार्थों का संचयन होने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार हो जाता है इसलिए शरीर का डिटॉक्स होना अति आवश्यक है। योग विशेषज्ञ अमनराज सिंह ने छात्राओं को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं मानसिक संतुलन प्रदान करने के लिए योग संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को स्वयं से स्वयं का संयोजन कैसे करें, फिटनेस, तनाव प्रबंधन, संतुलित पोषण, सही नींद एवं दैनिक जीवन में प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता पर सरल एवं प्रभावी तरीके से अवगत कराया गया। साथ ही योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया, जिससे छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। डॉ. वत्सला गुप्ता ने बताया कि आज के समय में कन्या वर्ग में तनाव, अनियमित दिनचर्या एवं गलत खान-पान के कारण अनेक स्वास्थ्य समस्याएँ बढ़ रही हैं, जिन्हें प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग द्वारा बिना दवाइयों के नियंत्रित किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रशासन में प्रधानाचार्या डॉ अरुणा आचार्य, सचिव गौरी शंकर व्यास, एडवोकेट एसएल हर्ष तथा कमल कल्ला ने इस प्रकार की जागरूकता कार्यशाला को छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए बीकानेर वेलनेस सेंटर की टीम का आभार व्यक्त किया।


