






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा (आजेएस-2025) का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सिविल जज के कुल 44 पदों पर चयन किया गया। इस बार के परिणामों में महिला अभ्यर्थियों का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा। चयनित उम्मीदवारों में 28 महिलाएं शामिल हैं, जबकि मेरिट सूची के शीर्ष पांच स्थानों पर केवल महिला अभ्यर्थियों ने जगह बनाई है। टॉप-10 में सिर्फ एक पुरुष उम्मीदवार का नाम दर्ज है।
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार, मधुलिका यादव ने 205.5 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर प्रज्ञा गांधी रहीं, जिन्हें 204 अंक प्राप्त हुए, जबकि अंबिका राठौड़ ने 196 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। शीर्ष रैंकिंग में महिलाओं के वर्चस्व ने एक बार फिर न्यायिक सेवाओं में उनकी मजबूत उपस्थिति को रेखांकित किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा में सफल 136 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इंटरव्यू और लिखित परीक्षा के अंकों को मिलाकर एक संयुक्त मेरिट सूची तैयार की गई, जिसके आधार पर 44 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।
यह रही कटऑफ
सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 190.5 अंक
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 182 अंक
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC-NCL) की कटऑफ 168 अंक
अनुसूचित जाति (SC) के लिए 146
अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 157.5 अंक
अतिपिछड़ा वर्ग (MBC-NCL) की कटऑफ 142 अंक
दिव्यांग श्रेणियों में PwBD-LD के लिए 135
PwBD-B&LV के लिए 141.5 अंक कटऑफ रहे।


