








जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में विद्युत वितरण निगमों ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 150 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली योजना में अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाले उपभोक्ताओं को 17 हजार रूपए की राज्य सब्सिडी हस्तांतरित करना प्रारंभ कर दिया है। फिलहाल जयपुर विद्युत वितरण निगम ने इसकी शुरूआत की है। इस प्रक्रिया में 169 लाभार्थी उपभोक्ताओं के बैंक खातों में जयपुर डिस्कॉम ने राज्य सब्सिडी के रूप में कुल 28 लाख 73 हजार रूपए हस्तांतरित कर दिए।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि राज्य सब्सिडी की यह राशि पीएम सूर्यघर योजना में देय अधिकतम 78 हजार रूपए की केन्द्रीय सहायता के अतिरिक्त है। इस प्रकार प्रदेश में सोलर रूफ टॉप लगाने वाले रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं को अब 150 यूनिट निशुल्क बिजली योजना और पीएम सूर्यघर योजना में संयुक्त रूप से अधिकतम 95 हजार रूपए तक का राज्य एवं केन्द्रीय अनुदान उपलब्ध हो सकेगा।
नागर ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 150 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना में पंजीयन के लिए 13 अक्टूबर, 2025 को जयपुर में पोर्टल का शुभारंभ किया था। इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के बाद पीएम सूर्यघर योजना में सोलर रूफ टॉप लगाकर केन्द्रीय सब्सिडी प्राप्त कर चुके 169 उपभोक्ताओं को यह राज्य सब्सिडी प्रदान की गई है।
कौन हैं पात्र...
वर्ष 2025-26 के बजट में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के लाभार्थियों को और अधिक लाभ देने के उद्देश्य से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के साथ लीवरेज करते हुए 150 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली योजना की महत्वपूर्ण घोषणा की थी। इस घोषणा की क्रियान्विति के प्रथम चरण में मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना के वह रजिस्टर्ड उपभोक्ता, जिनके पास रूफ टॉप सोलर लगाने के लिए स्वयं की छत उपलब्ध है, वे इस योजना के अन्तर्गत राज्य सब्सिडी के पात्र हैं। इसके लिए उन्हें राजस्थान डिस्कॉम्स के पोर्टलhttps//www.energy.rajasthan.gov.in/Jvvnl, https//www.energy.rajasthan.gov.in/Jdvvnl, https//www.energy.rajasthan.gov.in/Avvnl तथा बिजली मित्र मोबाइल एप्लीकेशन एवं वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी सहमति देनी होती है। इसके बाद रूफ टॉप सोलर लगाने तथा केन्द्रीय सहायता राशि खाते में आने के बाद डिस्कॉम्स द्वारा उन्हें अब राज्य सब्सिडी देना प्रारंभ किया गया है।
अब तक 2.46 लाख पंजीयन
पोर्टल प्रारंभ होने के मात्र दो माह के भीतर 2 लाख 46 हजार 894 उपभोक्ता 150 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना में न्यूनतम 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफ टॉप सोलर स्थापित कर सौर ऊर्जा से जुड़ने के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं। रजिस्ट्रेशन करने के बाद कुल 3197 पात्र उपभोक्ताओं ने रूफ टॉप सोलर स्थापित किया है जिनमें से 1429 उपभोक्ताओं को केन्द्रीय सब्सिडी प्राप्त हो चुकी है। अब इन्हें 17 हजार रूपए की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इनमें जयपुर डिस्कॉम के 547 उपभोक्ता हैं। जिनमें से 169 उपभोक्ताओं को राज्य सब्सिडी का वितरण किया जा चुका है। जल्द ही अन्य उपभोक्ताओं को भी सब्सिडी हस्तांतरित की जाएगी। अजमेर एवं जोधपुर डिस्कॉम द्वारा भी जल्द ही लाभार्थियों को राज्य सब्सिडी का वितरण प्रारम्भ किया जाएगा।


