Saturday, April 25, 2026
Hometrendingखेल कोटे से 5 पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति, मुख्यमंत्री ने एशियाई और...

खेल कोटे से 5 पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति, मुख्यमंत्री ने एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं को दिया विशेष सम्मान

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को खेल कोटे से पांच पुलिसकर्मियों को विशेष पदोन्नति दिए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत सुषमा शर्मा, पूजा, निधि शर्मा और सचिन को निरीक्षक के पद पर और प्लाटून कमांडर (आरएसी) मुस्कान मलिक को कंपनी कमांडर के पद पर विशेष पदोन्नति दी गई है। यह पदोन्नति वर्ष 2025-26 की संभावित रिक्तियों के विरुद्ध है।

सुषमा शर्मा, निधि शर्मा, मुस्कान मलिक और सचिन ने चीन में 2022 में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, पूजा ने वर्ष 2022 में ब्रिटेन में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में कांस्य पदक प्राप्त किया।मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समुचित सम्मान और अवसर प्रदान करने के लिए संकल्पित है। इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से राज्य और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। यह पदोन्नति केवल उनकी खेल उपलब्धियों का सम्मान ही नहीं, बल्कि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इन प्रावधानों के तहत मिली विशेष पदोन्नति

यह विशेष पदोन्नति राजस्थान पुलिस अधीनस्थ सेवा नियम, 1989 के नियम 28 (बी) के प्रावधानों और महानिदेशक पुलिस राजस्थान के स्थायी आदेश 7/2024 में वर्णित अधिकारियों की कमेटी की अनुशंसा के आधार पर की गई है। विशेष पदोन्नति प्रावधानों के अनुसार एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी अगले पद पर विशेष पदोन्नति पाने के लिए पात्र होते हैं। इन पदोन्नतियों के लिए उप महानिरीक्षक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) ने प्रस्ताव भेजे थे, जिस पर रिवॉर्ड कमेटी ने गहन पड़ताल के बाद अपनी अनुशंषा की थी।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!