






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज शुरू हुआ और पहले ही दिन हंगामे की भेंट चढ गया। विधानसभा अध्यक्ष ने 3 सितंबर 11 बजे तक सदन को स्थगित कर दिया। इससे पहले विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने भाजपा पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा मचाया। इसके जवाब में भाजपा विधायकों ने भी ‘गालीबाज राहुल गांधी’ के नारे लगाए। हंगामे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दोनों पक्षों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। इसी बीच सदन के पूर्व सदस्यों को शोकाभिव्यक्ति दी गई, इसके बाद सदन को 3 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया।
हंगामे के बावजूद सदन में कुछ विधायी कार्य भी हुए। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने राजस्थान स्वास्थ्य विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2025 को सदन के पटल पर रखा। खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कारखाना संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया, जबकि वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने माल एवं सेवा कर द्वितीय संशोधन विधेयक पेश किया। स्पीकर ने अंता सीट के खाली होने की सूचना भी सदन को दी।
हंगामे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस विधायकों को फटकार लगाते हुए कहा कि आप विधानसभा में हैं, न कि किसी सड़क या चौराहे पर। सदन की गरिमा का ध्यान रखें और बाजार जैसी हरकतें न करें। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सदन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस विधायक आवासीय परिसर से कांग्रेस विधायक एकजुट होकर पैदल मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचे। उनके हाथों में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से’ लिखी तख्तियां थीं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वोट चोरी की है। उन्होंने जयपुर ग्रामीण सीट पर भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। जूली ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगा और जनता के साथ हुए धोखे का जवाब मांगेगा।


