Saturday, April 25, 2026
Hometrendingबीकानेर में गिरदावरी पर बवाल, दोषी कार्मिकों पर सख्‍त कार्यवाही के निर्देश

बीकानेर में गिरदावरी पर बवाल, दोषी कार्मिकों पर सख्‍त कार्यवाही के निर्देश

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित करते हुए जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों की गिरदावरी की शीघ्र विस्तृत जांच करवाने तथा दोषी पाये जाने पर संबंधित तहसीलदार व पटवारियों के विरूद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए मौके पर वास्तविक फसल बुआई का सत्यापन करते हुए टोकन जारी किया करने के लिए निर्देशित किया है।

संभागीय आयुक्त ने बताया कि कुछ दिनों से समाचार पत्रों में लगातार मूंगफली के टोकन में घोटाले व फर्जी गिरदावरी किये जाने के संबंध में समाचार प्रकाशित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त जन प्रतिनिधियों व किसानों द्वारा भी इस कार्यालय को इस प्रकार की खामियों से अवगत करवाया गया है। प्रकाशित समाचारों के अनुसार खेतों में फसल तैयार है परन्तु गिरदावरी गलत होने से मूंगफली का विक्रय नहीं हो पा रहा तथा बंजर जमीन पर भी मूंगफली की फसल बताकर टोकन कटवाए गये हैं। इस कारण किसान, मूंगफली के समर्थन मूल्य पर विक्रय करने के लिए टोकन से वंचित रह गये हैं। इस प्रकार जिले के श्रीडूंगरगढ़, लूनकरनसर, कोलायत, खाजूवाला, नोखा व पलाना क्षेत्र के काश्तकार प्रभावित हो रहे हैं।

इसके मद्देनजर उन्होंने इन तहसील क्षेत्रों की गिरदावरी की शीघ्र विस्तृत जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि दोषी पाये जाने पर संबंधित तहसीलदार व पटवारियों के विरूद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए और मूंगफली की सरकारी खरीद के लिए मौके पर वास्तविक फसल बुआई का सत्यापन करके ही टोकन जारी किया करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में संबंधित क्रय एजेन्सियों और विभागों को परस्पर सामंजस्य स्थापित कर समस्त तथ्यों का समुचित सत्यापन करने के उपरान्त ही समय पर नियमानुसार मूंगफली खरीद की कार्यवाही के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

गिरदावरी को लेकर शिकायत संबंधित
एसडीएम को प्रस्तुत करें : कलेक्‍टर

समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद को लेकर ऑनलाइन जारी हुए सभी 70 हजार टोकन का भौतिक सत्यापन होगा। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने समर्थन मूल्य पर मूंगफली खरीद मामले में गलत ऑनलाइन गिरदावरी दर्ज करने की शिकायतों को अत्यंत गंभीर मानते हुए गिरदावरी का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किये जाने के निर्देश सभी उपखंड अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर वृष्णि ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे मूंगफली खरीद को लेकर ऑनलाइन जारी हुए सभी 70 हजार टोकन का भौतिक सत्यापन करवाएं। साथ ही इसकी स्पष्ट रिपोर्ट मय खुद की टिप्पणी के भिजवाने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर ने सभी एसडीएम को गिरदावरी कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाये जाने के संबंध में भी अपनी अनुशंसा भिजवाने के निर्देश दिए हैं।

जिला कलेक्टर ने बताया कि कोई भी व्यक्ति गिरदावरी से संबंधित शिकायत संबंधित एसडीएम को प्रस्तुत करें, शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि अब तक जो शिकायतें प्राप्त हुई हैं उनमें से कोलायत, खाजूवाला, लूणकरणसर, नोखा, हदां और श्री डूंगरगढ़ समेत 6 तहसीलों से रिपोर्ट प्राप्त हो गई है।सर्वाधिक शिकायत नोखा और श्री डूंगरगढ़ तहसील से मिली है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!