Hometrendingबीकानेर नगर निगम की पहली साधारण सभा में जमकर हंगामा, सफाई-रोड लाइट-सड़क...

बीकानेर नगर निगम की पहली साधारण सभा में जमकर हंगामा, सफाई-रोड लाइट-सड़क मुद्दे पर गरजे पार्षद

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक आज निगम सभागार में महापौर अनिल कल्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक शुरू होते ही सफाई, रोड लाइट, सड़क, सीवरेज और अतिक्रमण सहित विभिन्न मुद्दों पर जोरदार हंगामा मच गया।

दीपावली त्योहार से पहले शहर की बदहाली को लेकर पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। हंगामे के बीच अधिकारियों ने दीपावली से पहले सफाई, रोड लाइट सहित अन्य समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।

पूर्व मेयर मकसूद अहमद
ने दिखाए तीखे तेवर

बैठक में पूर्व मेयर मकसूद अहमद ने सफाई व्यवस्था को लेकर तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि दीपावली त्योहार से पहले सफाई व्यवस्था खस्ताहाल है। सीवरेज के कारण गंदगी पसर रही है। टीपर अभी तक पूरे नहीं पहुंचे हैं, जिससे वार्डों से कचरा नहीं हट रहा।

उन्होंने कहा कि यदि समय पर सफाई सहित अन्य व्यवस्था नहीं हुई तो जनता अधिकारियों को नहीं, पार्षदों को पकड़ेगी। बैठक में भाजपा पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सभी पार्षदों को एकजुट होकर विकास के कार्य करवाने के लिए आगे आना होगा। भाजपा पार्षद श्‍याम सिंह हाडला ने रोड लाइट का मुद्दा उठाया। उन्‍होंने रोड लाइट लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके हिसाब से तो दीपावली से पहले रोड लाइटें लगेगी ही नहीं।

मेयर बोले- जनसमस्याओं 
का जल्द होगा समाधान

बैठक में महापौर अनिल कल्ला ने कहा कि यह साधारण सभा की पहली बैठक है। इसमें जो भी जनसमस्याओं के मुद्दे सामने आए हैं, उनका निस्तारण जल्द कराया जाएगा। इसके बाद अगली बैठकों में अन्य मुद्दों पर चर्चा जारी रहेगी।

उपमहापौर ने दी नसीहत

उपमहापौर पंकज गहलोत ने अपने ही अंदाज में पार्षदों को नसीहत देते हुए कहा कि बैठक में सभी पार्षदों को पिछली बातें छोड़कर शहर के विकास के लिए एकजुट होकर काम करना है। सभी को अपनी बातें रखनी चाहिए, शोर-शराबा नहीं करना चाहिए, ऐसा हुआ तो मूल मुद्दे की बात छूट जाएगी।

AdAdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular