







बीकानेर Abhayindia.com ब.ज.सि. रामपुरिया जैन विधि महाविद्यालय की रासेयो की दोनों इकाइयों द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन की शुरूआत स्वयंसेवकों के द्वारा सरस्वती वन्दना से की गई। इसके पश्चात् प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों के लिए शैक्षणिक सत्र का आयोजन किया गया। शैक्षणिक सत्र में स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व विकास के लिए व्याख्यान रखा गया। व्याख्यान में मुख्य वक्ता जाने माने मोटिवेशनल स्पीकर तथा राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के सहायक आचार्य डाॅ. गौरव बिस्सा थे। डाॅ. बिस्सा ने स्वयंसेवकों को कहा कि युवा शक्ति ही किसी राष्ट्र में परिवर्तन कर सकती है।
डाॅ. बिस्सा ने स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिस तरह के कार्य स्वयंसेवक अपनी इच्छा शक्ति से कर रहे है उसी तरह वे समाज में अपने आचरण तथा व्यवहार से एक प्रेरणा पैदा कर सकते है। डाॅ. बिस्सा ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे अपनी जीवनचर्या तथा दिनचर्या में कम से कम एक कार्य इस प्रकार का करें जिससे राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी हो सके और इसके लिए सर्वप्रथम स्वयंसेवक तथा विद्यार्थी का व्यक्तित्व प्रभाव डालता है। इसलिए एक विद्यार्थी को अपने व्यक्तित्व विकास के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। जिसके लिए विद्यार्थी को अपने पहनावे, अपनी उपस्थिति के दौरान भाव-भंगिमाओं तथा विशेष रूप से अपनी भाषा शैली का विशेष ध्यान रखते हुए अपने आप को समाज के सामने प्रस्तुत करना चाहिए।
डाॅ. बिस्सा ने कहा कि स्वयंसेवक के साथ विधि विद्यार्थी होने के नाते आगे चलकर विधिक परामर्शी अथवा विधिक क्षेत्र का पारंगत होने के नाते समाज के प्रबुद्ध वर्ग में अग्रणी रहकर समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करना है अतः प्रत्येक स्वयंसेवक को अपने व्यक्तित्व विकास के लिए कार्य करते हुए समाज में लोगों को प्रेरणा देने का कार्य करना है तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अनन्त जोशी ने डाॅ. बिस्सा का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके व्याख्यान से स्वयंसेवकों पर निश्चित रूप से सकारात्मक प्रभाव पडेगा तथा साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्वयंसेवक अपने आगामी जीवन में इन बातों का अनुसरण करते हुए समाज में अपने आप को प्रतिस्थापित करने का प्रयास करेंगे।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने सड.क सुरक्षा जनजागरण कार्यक्रम के अन्तर्गत पंचशती सर्किल से अभय कमाण्ड सेंटर तक पैदल मार्च करते हुए वाहन चालकों तथा राहगीरों को सड.क सुरक्षा के लिए जागृत करने के लिए बिना हैलमेट वाहन चालकों को रेवडी बांटकर तथा हैलमेट न पहनने के दुष्प्रभावों से अवगत करवाया। साथ ही स्वयंसेवकों ने बिना नम्बर के वाहनों के मालिकों को भी नम्बर प्लेट लगाने तथा अन्य सड.क सुरक्षा मानकों से अवगत करवाया। स्वयंसेवकों ने गाडि.यों पर रेडियम प्लेट लगाकर भी अपने सामाजिक सरोकारों को पूरा करने का प्रयास किया तथा साथ ही संकल्प लिया कि वे इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रम आगामी दिवसों में भी चलाते रहेंगे।
आगामी सत्र में स्वयंसेवकों के द्वारा आज अभय कमाण्ड सेंटर का भ्रमण किया। जिसमें स्वयंसेवकों ने देवेन्द्र, भावेश व्यास एवं सीताराम के निर्देशन में सेंटर पर साइबर क्राईम से सम्बन्धित कार्यप्रणाली को समझा तथा साथ ट्रैफिक कन्ट्रोल सिस्टम के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। अभय कमाण्ड सेंटर पर मुख्य रूप से बीकानेर शहरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा उसके साथ पुलिस विभाग के समन्वय की प्रक्रिया को समझा, राज्य एवं केन्द्र सरकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की हैल्पलाईन नम्बरों के माध्यम से किस प्रकार पुलिस एवं सतर्कता विभाग कार्य करता है इसके बारे में भी स्वयंसेवकों ने जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने बीकानेर शहरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों का संचालन तथा पुलिस विभाग द्वारा की जाने वाली निगरानी प्रक्रिया को भी देखा।
भोजनावकाश के पश्चात् अंतिम सत्र में कल होने वाले समापन कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई। जिसमें कार्यक्रम प्रभारी डाॅ. रीतेश व्यास ने बताया कि कल दिनांक 11 जनवरी 2026 को महाविद्यालय परिसर में 7 दिवसीय रासेयो विशेष शिविर का समापन कार्यक्रम प्रातः 10ः00 बजे आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय लालेश्वर महादेव मन्दिर के अधिष्ठाता विमर्शानन्द होंगे तथा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना बीकानेर के समन्वयक डाॅ. घनश्याम सिंह बिठ्ठू तथा महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के अतिरिक्त कुल सचिव डाॅ. बिठ्ठल बिस्सा होंगे। जिसमें 7 दिवसीय विशेष शिविर में कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।




