Friday, December 12, 2025
Homeबीकानेरनया साल तय करेगा कौन संभालेगा कांग्रेस की बागडोर!

नया साल तय करेगा कौन संभालेगा कांग्रेस की बागडोर!

AdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। बीकानेर में कांग्रेस के स्थानीय संगठन की बागडोर कौन संभालेगा? इस सवाल का जवाब अब नया साल 2018 देगा। गुजरात चुनावों के चक्कर में राजस्थान में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पिछले माह अटक गई थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो अब गुजरात चुनावों के नतीजों के बाद ही पार्टी राजस्थान में संगठनात्मक नियुक्तियों की ओर ध्यान देगी। संभवत: अगले साल 14 जनवरी से 25 जनवरी तक पार्टी के जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों का काम पूरा कर लिया जाएगा।

राजस्थान में एक साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, इसे देखते हुए पार्टी जिला स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही गतिविधियां तेज करेगी। बीकानेर में शहर कांगे्रस अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष यशपाल गहलोत के अलावा जनार्दन कल्ला, बाबू जयशंकर जोशी, चंद्रप्रकाश गहलोत, गुलाम मुस्तफा, कन्हैयालाल कल्ला के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। गुटों में बंटी स्थानीय कांग्रेस का एक धड़ा जहां यशपाल गहलोत, जनार्दन कल्ला, कन्हैयालाल कल्ला को अध्यक्ष बनाने के लिए जी-तोड़ कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरा धड़ा बाबू जयशंकर जोशी, चंद्रप्रकाश गहलोत और गुलाम मुस्तफा को इस पद के लिए उपयुक्त बता रहा है।

ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से आनंद सिंह सोढ़ा और मगन पाणेचा के नाम सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विजय आचार्य (गट्टू महाराज), रमजान कच्छावा, सुमित कोचर, आनंद जोशी के नाम चर्चा में है। बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जहां कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत के चहेते ब्लॉक अध्यक्ष पद पा सकते हैं, वहीं बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष पदों के लिए कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. बी. डी. कल्ला, प्रदेश सचिव राजकुमार किराड़ू के बीच जोर आजमाइश चल रही है। अब देखना यह है कि आने वाला नया साल बीकानेर में कांग्रेस के कौनसे चेहरों को चमकाता है और कौनसे चेहरों को छिपने पर मजबूर करता है।

 

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!