







बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के निकटवर्ती ग्राम बामनवाली की पावन धरा पर आगामी 3 मई से 9 मई 2026 तक भव्य ‘गौसेवार्थ श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। स्व. खेताराम जी सारस्वा एवं स्व. गोमती देवी सारस्वा की पुण्य स्मृति में उनके पुत्रों- तोलाराम, बीरुराम एवं भवानीशंकर सारस्वा द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में ऋषिकेश के प्रसिद्ध बाल संत भोला बाबा अपने मुखारविंद से कथा का रसपान कराएंगे।
ईको भारत संस्थापक सम्पत सारस्वत बामनवाली ने बताया कि कथा का मुख्य समय प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन रात्रि 8:00 से 10:00 बजे तक संत श्री विद्यासागर महाराज द्वारा ‘नानी बाई का मायरा’ का विशेष वाचन किया जाएगा।
प्रमुख तिथियां और प्रसंग
3 मई : भव्य कलश शोभायात्रा (प्रातः 8:00 बजे) एवं कथा प्रारंभ।
5 मई : विदुर जी की कथा।
7 मई : श्री कृष्ण जन्मोत्सव।
8 मई : बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा।
9 मई : श्री कृष्ण-रुक्मिणी विवाह एवं सुदामा चरित्र।
10 मई : गांव प्रसादी एवं बहन-बेटी सम्मेलन (सम्मान व धन्यवाद समारोह)।
आयोजन समिति के मुरलीधर व हेतराम सारस्वा ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 5:00 से 6:00 बजे तक प्रार्थना एवं नित्य स्तुति तथा प्रातः 6:00 से 7:30 बजे तक प्रभातफेरी निकाली जाएगी। प्रभुदयाल व जयनारायण सारस्वा ने बताया कि विशेष आकर्षण के रूप में 09 और 10 मई को बामनवाली गांव की सभी बहन-बेटियों के लिए एक विशेष सम्मेलन रखा गया है, जिसमें सपरिवार शिरकत करने का आग्रह किया गया है। अब तक करीबन 400 से ज्यादा बहन बेटियों ने बामनवाली आने की सहमति दे दी है यह आयोजन अपने आप मे ऐतिहासिक होने वाला है जिसमें कुछ बहने कई वर्षों के बाद गांव आगमन कर रही है बामनवाली की धरती पर बहन बेटियों का ये स्नेहपूर्ण मिलन आसपास के गांवो मे भी चर्चा का विषय है।
आयोजन समिति से आईदानराम व राजेंद्र सारस्वा ने बताया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम गोमती सदन, निज निवास, ठाकुर जी के मंदिर के पास, बामनवाली (बीकानेर) में आयोजित होगा। आयोजन समिति से सुन्दरलाल व अमरचंद ने बताया कि कथा का सीधा प्रसारण यूट्यूब (YouTube) चैनल ‘BAL SANT BHOLE BABA’ पर भी देखा जा सकेगा। आयोजक खेताराम तोलाराम सारस्वा परिवार और ‘ईको भारत’ की टीम ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से इस भक्तिमय गंगा में डुबकी लगाने और गौसेवा के संकल्प के साथ कथा श्रवण करने के लिए आमंत्रित किया है।


