Saturday, May 2, 2026
Hometrendingलौटेगा कोडमदेसर तालाब का वैभव, जिला परिषद की टीम ने किया निरीक्षण,...

लौटेगा कोडमदेसर तालाब का वैभव, जिला परिषद की टीम ने किया निरीक्षण, “अभय इंडिया” ने उठाया था मुद्दा

AdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कोडमदेसर के तालाब के पुनरुद्धार को लेकर जिला परिषद ने पहल तेज कर दी है। जिला कलेक्टर और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशानुसार जिला परिषद की टीम ने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका तलानिया के नेतृत्व में शनिवार को तालाब का निरीक्षण किया और इसके वैभव को पुनः लौटाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया।

आपको बता दें कि “अभय इंडिया” ने तालाब की दुर्दशा को लेकर 28 अप्रैल को “बूंद-बूंद पानी को तरस रहा कोडमदेसर तालाब, पशु-पक्षियों के सूख रहे हलक, जागरूक आए आगे…” शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने तालाब की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा साफ-सफाई, गाद निकासी और जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की। विशेष रूप से नहर से तालाब में जल आपूर्ति की संभावनाओं को लेकर तकनीकी पहलुओं का आकलन किया गया, जिससे वर्षभर जल की उपलब्धता बनी रहे और तीर्थ स्थल की गरिमा बरकरार रखी जा सके।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब के पुनर्जीवन के लिए शीघ्र ही ठोस कार्ययोजना तैयार कर अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि कोडमदेसर तीर्थ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण स्थल है, ऐसे में इसके संरक्षण और विकास के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं। इस अवसर पर विकास अधिकारी कोलायत वीरपाल सिंह, जेठाराम कुम्हार एवं सहायक अभियंता सहित पंचायत राज से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!