Friday, May 15, 2026
Hometrendingबालिका शिक्षा को नई उड़ान दे रही गार्गी, बालिका प्रोत्साहन एवं पद्माक्षी...

बालिका शिक्षा को नई उड़ान दे रही गार्गी, बालिका प्रोत्साहन एवं पद्माक्षी पुरस्कार योजनाएं, ऑनलाइन करने होंगे आवेदन

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com बालिका शिक्षा फाउंडेशन की ओर से संचालित गार्गी पुरस्कार योजना, बालिका प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री हमारी बेटियां योजना एवं पद्माक्षी पुरस्कार योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को न केवल सम्मानित किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन और आत्मविश्वास भी मिल रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना, ड्रॉपआउट दर को कम करना तथा समाज में बालिका शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करना है। योजनाओं के प्रभाव से राज्य में बालिकाओं के नामांकन, ठहराव और शैक्षणिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है।

गार्गी पुरस्कार योजना

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान अजमेर द्वारा आयोजित माध्यमिक, प्रवेशिका परीक्षा एवं स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों की माध्यमिक परीक्षा (कक्षा 10वीं) में 75 प्रतिशत व इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाएं प्रात्र है। इसके तहत कक्षा 11 में नियमित रहने पर प्रथम किस्त के तहत तीन हजार रुपए और कक्षा 12 में नियमित रहने पर द्वितीय किस्त के तीन हजार रुपए पुरस्कार राशि के तौर पर दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी रखी गयी है।

बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार योजना

इस योजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान अजमेर द्वारा आयोजित उच्च माध्यमिक, वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा व स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों की उच्च माध्यमिक परीक्षा (कक्षा 12वीं) में 75 प्रतिशत व इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाएं प्रात्र है। इसके तहत पांच हजार रुपए की एक मुश्त पुरस्कार राशि दी जाती है।

पद्माक्षी पुरस्कार योजना

वर्ष 2025-26 से संचालित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर द्वारा आयोजित कक्षा 8, 10 एवं कक्षा 12 (कला, वाणिज्य,विज्ञान एवं कृषि -चारों संकायों की अलग-अलग) परीक्षाओं की 8 श्रेणियों में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाएं एवं प्रवेशिका, वरिष्ठ उपाध्याय, व्यावसायिक शिक्षा व स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल कक्षा 12 (विज्ञान संकाय) की 9 सीजीपीए (CGPA) या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली राज्य स्तर पर 8 श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त बालिकाएं पात्र है। योजना के अंतर्गत कक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को एकमुश्त 25 हजार रुपए, कक्षा 10 में 50 हजार रुपए और कक्षा 12 में 75 हजार रुपए पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

मुख्यमंत्री हमारी बेटियां योजना

मुख्यमंत्री हमारी बेटियां योजना के तहत कक्षा 11वीं-12वीं में पढ़ने वाली बालिकाओं को ₹115,000 प्रति वर्ष की सहायता राशि प्रदान की जाती है। उच्च शिक्षा के लिए बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत प्रत्येक जिले से 4 बालिकाओं (2 टॉपर, 1 BPL, 1 अनाथ) का चयन होता है।

योजना की अंतिम तिथि

गार्गी पुरस्कार (प्रथम एवं द्वितीय किस्त) एवं बालिका प्रोत्सा​हन पुरस्कार योजना 2025-26 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी, 2026 है। पद्माश्री पुरस्कार योजना और मुख्यमंत्री हमारी बेटियां योजना के आवेदन की अंतिम तिथि 8 जनवरी, 2026 है। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक/माध्यमिक द्वारा डीईओ ऑफिस लॉगिन से प्रमाणीकरण/सत्यापन की अंतिम तिथि 10 जनवरी रखी गयी है।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन

सभी योजनाओं में छात्राओं को लाभ देने के लिए ‘शाला दर्पण बेनिफिशियरी स्कीम पोर्टल’ पर विद्यालय लॉगिन से ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा। बालिकाओं को पुरस्कार राशि का अंतरण जन आधार इन्टीग्रेशन उपरान्त डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।

इनका कहना है...

बालिका शिक्षा ही सशक्त समाज और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है। उक्त योजनाएं द्वारा बालिकाओं को विद्यालय से जोड़कर उनकी निरंतर उपस्थिति और शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध हो रही है। –डॉ. अरुणा शर्मा, (सचिव), बालिका शिक्षा फाउंडेशन

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!