बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर शहर के व्यस्ततम क्षेत्र जस्सूसर गेट स्थित मूलचंद पारीक सर्किल पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर करीब एक सप्ताह पहले जनप्रतिनिधियों व क्षेत्र के लोगों ने निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद अभी तक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने बताया कि सात दिन पहले प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। लेकिन, अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सर्किल और उसके आसपास फुटपाथ पर लगे ठेलों, टपरों और अस्थाई दुकानों के कारण आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-शाम के समय यहां लंबा जाम लगता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पारीक ने ज्ञापन में कहा था कि मूलचंद पारीक सर्किल शहर की पहचान और एक सम्मानित व्यक्ति के नाम पर है। ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर अतिक्रमण होना शहर की छवि के लिए भी ठीक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से 7 दिन के भीतर सर्किल को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की थी।
ज्ञापन के बाद भी नगर निगम व यातायात पुलिस की ओर से कोई अभियान नहीं चलाया गया। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासी राजेश शर्मा ने कहा, रोज ऑफिस जाते समय 20 मिनट यहीं जाम में निकल जाते हैं। शिकायतें बहुत हुईं पर कोई सुनवाई नहीं। इन ठेलो पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इस मामले में जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। इस इलाके में बढ़ते अतिक्रमण व अवांछित लोगों की बैठकों से यहां के निवासी दहशत में है। यदि प्रशासन की ओर से शीघ्र कारवाई नहीं हुई तो कभी भी आंदोलन की राह पर लोग चलने को तैयार है।













