








जयपुर Abhayindia.com झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में हुए स्कूल हादसे में मृतक बच्चों के परिवार वालों को 10 लाख रुपए और संविदा पर नौकरी दी जाएगी। साथ ही नए बनने वाले विद्यालय भवन में क्लास रूम (कक्षा कक्ष) का नाम मृतक बच्चों के नाम पर रखा जाएगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने यह एलान किया है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपने सोशल मीडिया अंकाउट पर लिखा कि झालावाड़ जिले में विद्यालय की छत गिरने से मासूम विद्यार्थियों की दुःखद मृत्यु एवं घायल हुए बच्चों से झालावाड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाकर मिला एवं चिकित्सकों को उनके समुचित एवं त्वरित उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
दिलावर ने आगे लिखा कि सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा इस हृदयविदारक दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। मृतक विद्यार्थियों के परिजनों को ₹10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, साथ ही एक परिजन को संविदा आधार पर रोजगार देने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रस्तावित नए विद्यालय भवन में बनने वाले कक्षा-कक्षों का नाम दिवंगत विद्यार्थियों के नाम पर रखा जाएगा, जिससे उनकी स्मृति सदैव के लिए संजोई जा सके। दिलावर ने लिखा कि ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।


