






बीकानेर Abhayindia.com नत्थूसर बास स्थित विवेकनाथ बस्ती में आयोजित ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ के भव्य आयोजन के उपरांत, इसमें अपना अमूल्य योगदान देने वाले सेवाभावी कार्यकर्त्ताओं और भामाशाहों के निमित्त एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह पूज्य श्री श्री 108 योगी शिवसत्यनाथ महाराज (अधिष्ठाता व महंत, श्री नवलेश्वर मठ सिद्धपीठ, बीकानेर) के पावन सान्निध्य और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महाराज ने सम्मेलन के कुशल प्रबंधन और व्यवस्थाओं में संलग्न रहे समर्पित कार्यकर्ताओं तथा सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों को सम्मान पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही, महाराज ने सभी सहयोगियों को केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया और उनके सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना की।
योगी शिवसत्यनाथ महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि धर्म और संस्कृति के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य ही वास्तविक सनातन राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस निष्ठा से उन्होंने विराट हिंदू सम्मेलन को आयोजित कर सम्मेलन को सशक्त रूप से पूर्ण किया है, वही ऊर्जा समाज के आगामी कल्याणकारी कार्यों में भी निरंतर बनी रहनी चाहिए।
विवेक नाथ बस्ती के मीडिया प्रभारी नन्दकिशोर गहलोत के अनुसार समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अंत में समिति के पदाधिकारियों ने महाराजश्री का आभार व्यक्त किया


