








जयपुर Abhayindia.com दीपावली के दिन प्रदेश के अधिकांश शहरों में हवा की गुणवत्ता में आई कमी ने चिंता में डाल दिया है। आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के चार प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया गया। इंडेक्स के इस ग्राफ को बेहद हानिकारक श्रेणी में माना जाता है। राजधानी जयपुर में रात 12 बजे यह इंडेक्स रेड जोन में पहुंच गया। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 489 दर्ज किया गया। दीपावली से पहले AQI 177 रिकॉर्ड किया गया जो मध्यम श्रेणी में माना जाता है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में अगले दो-तीन दिन में हवा की गुणवत्ता सामान्य हो जाएगी।
आंकड़ों के अनुसार, जोधपुर में AQI 266, धौलपुर में 250, भिवाड़ी में 248, बीकानेर में 235, फलौदी में 232, श्रीगंगानगर में 222, हनुमानगढ़ में 218, चूरू में 216, जैसलमेर में 209 तक पहुंच गया। इंडेक्स का यह स्तर फेफड़ों की बीमारियों से ग्रस्त लोगों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है।
इधर, मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में वायु का के स्तर में सुधार देखने को मिल सकेगा। वहीं, दिन और रात के तापमान में भी दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। जयपुर, सीकर, कोटा और अजमेर में हल्की सर्दी का असर शुरू हो गया है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में अब भी गर्मी का असर बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर जिले में 37 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान सीकर में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


