Hometrendingभर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी हासिल करने के मामले में...

भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी हासिल करने के मामले में निलंबित पटवारी गिरफ्तार

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की पटवारी भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने 18 महीने से फरार चल रही निलंबित पटवारी चुंकी बाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले डेढ़ साल से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रही थी।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि चुंकी बाई ने पटवारी भर्ती परीक्षा-2021 में अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलवाई थी। इसके बाद उसका चयन पटवारी पद पर हुआ और उसकी नियुक्ति भरतपुर जिले के पटवार हल्का इंदू, कुम्हेर में कर दी गई थी। मामले की गोपनीय शिकायत मिलने पर एसओजी ने जांच शुरू की और वर्ष 2024 में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश तथा राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग) अधिनियम, 1992 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि 23 अक्टूबर 2021 को जयपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर चुंकी बाई की जगह डमी अभ्यर्थी ने परीक्षा दी थी। इसके लिए प्रवेश पत्र पर मूल और डमी अभ्यर्थी की मॉर्फ्ड फोटो लगाई गई तथा फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के अनुसार, डमी अभ्यर्थी को परीक्षा देने के बदले 5 लाख रुपये नकद दिए गए थे। एसओजी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाने के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले की जांच जारी है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular