Hometrendingपेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण, सचिव ने कहा- आमजन को घबराने की...

पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण, सचिव ने कहा- आमजन को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव अम्बरीष कुमार ने जयपुर शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण कर पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। यह निरीक्षण पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव ने कुल 6 पंप्स का निरीक्षण किया। टोंक रोड एवं मिर्ज़ा इस्माइल रोड पर तीनों तेल कंपनियों, आइओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की उपलब्धता की जाँच की गई। साथ ही पेट्रोल पंप्स पर ईंधन सही मात्रा में नोजल से दिया जा रही है, इसकी भी विस्तृत जाँच विधिक माप विज्ञान अधिकारी के मार्फ़त की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव ने विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों एवं स्टाफ सदस्यों से बातचीत कर स्टॉक एवं आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी संवाद किया तथा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण में पाया गया कि किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कोई कमी नहीं है बल्कि तेल का विक्रय 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ा है। आमजन को अपने चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध हो रहा है। पेट्रोल पंप नोजल की जांच में पाया गया कि पाँच लीटर तेल की मात्रा में अन्तर 10 मिलिलीटर से कम था कि जो कि एक सामान्य माप तौल में होने वाला फ़र्क़ है।

अम्बरीष कुमार ने कहा कि राज्य में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा घबराकर अनावश्यक खरीदारी अथवा संग्रहण से बचें। उन्होंने कहा कि राज्य में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु बनी हुई है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular