बीकानेर Abhayindia.com कोरोना संक्रमण के इस दौर में जहां बीकानेर में रोजाना मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रीरामसर स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता का खमियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगताना पड़ रहा है। वार्ड 24 के पार्षद मुकेश पंवार का आरोप है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र बीते तीन-चार माह से बंद पड़ा है। वहां किसी तरह का स्टाफ नहीं है।
कलक्टर से गुहार…
पार्षद ने गुरुवार को जिला कलक्टर से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। कलक्टर को सौंपे ज्ञापन के माध्यम से बताया गया है कि उप स्वास्थ्य केन्द्र में किसी तरह का स्टाफ नहीं है, महज मासिक टीकाकरण के अलावा वहां किसी तरह की चिकित्सा सुविधा नहीं है।
सुधार की मांग…
इसके लिए समय-समय पर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर व्यवस्थाओं में सुधार कराने की मांग उठाई है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। पार्षद ने आरोप लगाया कि वर्तमान में कोरोना महामारी के दौरान एक दिन भी वहां किसी तरह का उपचार नहीं हुआ।
सुचारु किया जाए…
पार्षद के नेतृत्व में कलक्टर से मिले प्रतिनिधि मंडल ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सा की स्थायी व्यवस्थाएं कराने के साथ ही जल्द ही इसको सुचारु कराने की मांग रखी।