







जयपुर Abhayindia.com चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बीकानेर के सरकारी कैंसर अस्पताल के लिए आरएमएससीएल के माध्यम से भेजे गए कैंसर इंजेक्शन के दिल्ली में कथित रूप से अवैध बिक्री के मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली महंगी जीवनरक्षक दवाओं की किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनाधिकृत बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरएमएससीएल एवं संबंधित अधिकारियों से दवा की पूरी सप्लाई चेन, स्टॉक रजिस्टर, इंडेंट, डिस्पैच एवं अस्पताल स्तर पर वितरण का रिकॉर्ड तत्काल जांचने के निर्देश दिए हैं।
खींवसर ने कहा कि यदि जांच में सरकारी दवा की आपूर्ति में किसी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार में उपयोग होने वाली महंगी दवाओं की उपलब्धता और उनके सुरक्षित उपयोग की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इस मामले में भी जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। खींवसर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी दवाओं की सप्लाई एवं वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाया जाए।







