









जयपुर Abhayindia.com राज्य सरकार की विशेष पहल के अन्तर्गत प्रदेश और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना के लिए 10 जून, बुधवार को राज्यभर में विशेष पूजा अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम होंगे। इस आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को सचिवालय में वीसी के माध्यम से सम्बंधित अधिकारियों की बैठक ली और दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने बताया कि जिला और उपखण्ड स्तर पर स्थानीय मंदिर में प्रातः 8 बजे विशेष पूजा अर्चना होगी। मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और संभागीय आयुक्तों को निर्देश दिए कि इस आयोजन में साधु संत, स्थानीय जन प्रतिनिधि और स्थानीय आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें।
बुधवार को ही प्रदेश में सभी जिला और ब्लॉक स्तर पर नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में मुख्य सचिव ने इसकी तैयारियों की समीक्षा कर एजेंडा अनुसार गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि चौपाल का उद्देश्य पूरा हो। उन्होंने बताया कि प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
नारी चौपाल में बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा, एनीमिया रोकथाम, लिंगानुपात सुधार, सर्वाइकल कैंसर और बालिकाओं को इसकी वैक्सीन देकर बचाव जैसे अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
इसी बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के आमजन के स्थानीय मुद्दों और समस्याओं को निपटाने के लिए 12 जून से ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का आयोजन शुरू हो रहा है। मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों, उपखण्ड अधिकारियों और प्राधिकरण के अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन के लिए निर्देश दिए और शिविरों की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो जिससे आमजन तक सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ पहुंचे। मुख्य सचिव ने स्थानीय निकायों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैम्प की प्रतिदिन की गतिविधियों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई जाए। साथ ही, प्रतिदिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट को सक्षम स्तर पर प्रस्तुत करें। मुख्य सचिव ने जिलावार, निकाय स्तर, प्राधिकरण और न्यास स्तर पर लंबित पट्टा प्रकरण को शीघ्र निपटाने के भी निर्देश दिए।
शहरी सेवा शिविर में शहर की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइटें लगाने, नालियों की मरम्मत, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन तथा राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। इसी प्रकार ग्रामीण सेवा शिविर सभी जिलों के ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में मौके पर ही आमजन की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ग्रामीण स्तर के शिविरों में राजस्व अभिलेख सम्बंधी कार्य, खातों का शुद्धिकरण, रास्ते के प्रकरण सम्बंधी समस्याओं के समाधान, भू अतिक्रमण हटाने आदि काम होंगे। इनके माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित होगा।


