









बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के लिए जू एक सपना सा बन गया है। बीते डेढ़ दशक से जन्तुआलय बंद पड़ा है।
वहीं बीछवाल में बीते पांच साल से नए जू(बायोलॉजिकल पार्क) का निर्माण रेंग रहा है। कई बार बजट के अभाव में निर्माण कार्य ठप हो गया था, अब एक बार फिर से उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है।
वर्तमान में बीछवाल में पिंजरों का निर्माण शुरू हो चुका है। इसमें पाच पिंजरें बनाए जा रहे हैं, जिसमें टाइगर, पेंथर, चिंकारा सहित अन्य वन्य जीवों के पिंजरें तैयार हो रहे हैं।
इतनी लागत आएगी…
बीछवाल में 50 हैक्टेयर क्षेत्र में निर्माणाधीन बायोलॉजिकल पार्क के निर्माण में करीब 36 करोड़ की लागत आएगी। अब तक वन विभाग की ओर से सात करोड़ की राशि राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम(आरएसआरडीसी) को जारी की जा चुकी है। इतनी राशि का निर्माण भी हो चुका है। इसका निर्माण वर्ष 2016 से चल रहा है।
चार दीवारी पूरी…
बायोलॉजिकल पार्क के प्रभारी हरिराम दूधवाल के अनुसार अब तक 3500 मीटर की चार दीवारी का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही 900 मीटर की सर्विस रोड का निर्माण भी हुआ है।
सरकार की थी मंशा…
निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के कार्यकाल में मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क निर्माण के लिए भूमि, बजट इत्यादि की घोषणा हुई थी, निवर्तमान मुख्यमंत्री की मंशा इसको पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की थी। बजट के अभाव में इसका निर्माण अभी भी मंथर गति से चल रहा है।
अब कार्य फिर से शुरू है
बायोलॉजिकल पार्क का निर्माण फिर से शुरू हो गया है। जैसे-जैसे बजट मिलता है, कार्य चल रहा है। वर्तमान में पिंजरों का निर्माण चल रहा है। इसका निर्माण राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम के जिम्मे हैं।
वीरेन्द्र सिंह जोरा, उप वन संरक्षक(वन्य जीव)






