Hometrendingबीकानेर में सेवा शिविर : 50 परिवारों को मिले पट्टे, राजूराम के...

बीकानेर में सेवा शिविर : 50 परिवारों को मिले पट्टे, राजूराम के जीवन में जगी उम्‍मीद की किरण

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्राम पंचायत तखतपुरा के ग्रामीणों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। वर्षों से आवासीय पट्टे की प्रतीक्षा कर रहे 50 पात्र परिवारों को शिविर के दौरान मौके पर ही आवासीय पट्टे प्रदान किए गए, जिससे उनके अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन कर पात्र 50 परिवारों को मौके पर ही पट्टे वितरित किए गए। पट्टा मिलने के बाद लाभार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। अब वे अपने भूखंड पर वैधानिक रूप से मकान बना सकेंगे, बैंक से ऋण प्राप्त कर सकेंगे तथा विभिन्न सरकारी आवास योजनाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे।

लाभार्थियों ने बताया कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए उन्हें कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान एक ही स्थान पर हो गया। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई है।

विशेष योग्यजन परिवार के लिए
उम्मीद की नई किरण

ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में सुशासन की भावना को धरातल पर साकार करते हुए पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को लूणकरणसर तहसील के नकोदेसर निवासी दिव्यांग राजूराम को शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया गया।

राजूराम अपने तीन बच्चों के पालन-पोषण में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर में उपस्थित होकर पालनहार योजना एवं अन्य पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

विभागीय टीम ने मौके पर ही दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा जनआधार से संबंधित आवश्यक त्रुटियों का भी शिविर स्थल पर ही निराकरण कराया। परिणामस्वरूप राजूराम को किसी भी कार्यालय के चक्कर लगाए बिना सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर योजनाओं का लाभ स्वीकृत कर दिया गया।

राजूराम को पालनहार योजना के तहत 4,500 प्रतिमाह तथा विशेष योग्यजन पेंशन योजना के तहत 1,300 प्रतिमाह की सहायता स्वीकृत हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 5,800 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्राप्त होने लगी। इसके अतिरिक्त पात्रता अनुसार वार्षिक 6 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई गई। योजना का लाभ मिलने पर भावुक राजूराम ने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि सरकारी काम इतनी जल्दी हो जाएगा। मुख्यमंत्री जी और जिला प्रशासन का मैं हृदय से धन्यवाद करता हूं।

एक दिन में हुआ भूमि रिकॉर्ड का
शुद्धिकरण एवं विरासत नामांतरण

ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए राजस्व संबंधी कार्य समय पर करवाना अक्सर चुनौतीपूर्ण रहता है। जानकारी के अभाव, कार्यालयों की दूरी तथा बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की मजबूरी के कारण आमजन का समय और श्रम दोनों व्यर्थ होते थे। इन्हीं समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीण नागरिकों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रहे हैं।

ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण सोमवार को ग्राम पंचायत बल्लर की निवासी सरदारा पुत्री बुडन खान का है। सरदारा एक एकल महिला हैं, जिन्हें अपनी भूमि के रिकॉर्ड में शुद्धिकरण एवं विरासत नामांतरण करवाने की आवश्यकता थी। सामान्य परिस्थितियों में इस प्रक्रिया में आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन तथा विभिन्न कार्यालयों की कार्यवाही पूरी होने में लगभग 15 से 20 दिन का समय लग जाता है। परिवार की जिम्मेदारियों के कारण उनके लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाना भी कठिन था।

इसी दौरान उन्हें अपने क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिली। आवश्यक दस्तावेजों के साथ वे शिविर पहुँचीं, जहाँ हेल्प डेस्क ने उनके आवेदन को संबंधित राजस्व अधिकारियों तक पहुँचाया। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने दस्तावेजों का मौके पर ही परीक्षण किया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दीं। जिस कार्य में सामान्यतः कई दिनों का समय लगता था, वह मात्र एक ही दिन में पूर्ण कर दिया गया। भूमि रिकॉर्ड का शुद्धिकरण तथा विरासत नामांतरण की प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उसी दिन पूरी कर सरदारा को दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए।

अपना कार्य इतनी शीघ्रता से पूरा होने पर सरदारा अत्यंत भावुक हो गईं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा-मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि जिस काम के लिए मुझे हफ्तों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते, वह एक ही दिन में पूरा हो जाएगा। ग्रामीण सेवा शिविर हम जैसे ग्रामीणों के लिए वास्तव में किसी वरदान से कम नहीं है।

प्रभारी सचिव हेमंत गेरा ने किया
शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण

जिला प्रभारी सचिव एवं शासन सचिव हेमंत गेरा ने सोमवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न सेवाओं का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने और प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में नागरिक पहुंचकर पट्टा निर्माण प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही पट्टा, नामांतरण, लीज मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, धारा 90-ए तथा स्ट्रीट लाइट मरम्मत सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निस्तारण किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, उपायुक्त कुणाल राहड़, तहसीलदार महेंद्र सिंह रतनू, तहसीलदार आकांक्षा गोदारा, राजस्व निरीक्षक नीतू मीणा, कनिष्ठ अभियंता भव्यदीप, एसीपी संजय जनागल, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, सूचना सहायक महेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ पात्र आवेदकों को पट्टों का वितरण भी किया गया। आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी के मार्गदर्शन में उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे (जोन-डी) द्वारा पुष्पा देवी सोनी, नितिन गुप्ता, सतवीर, कपिल तोमर, सुधीर कुमार पोपली तथा मुकेश दैया को गणेश एन्क्लेव कॉलोनी एवं अनुज बवेचा तथा शिल्पा बवेचा को वृंदावन कृष्ण मोहन एन्क्लेव के पट्टे वितरित किए गए। प्रभारी सचिव ने शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular