बीकानेर Abhayindia.com राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए त्वरित, सरल एवं प्रभावी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत महादेववाली में आयोजित शिविर में एक ऐसी समस्या का समाधान हुआ, जिसका लाभ संबंधित परिवार को आने वाले वर्षों तक मिलता रहेगा।
ग्राम पंचायत महादेववाली निवासी मनोहरी के राजस्व अभिलेखों में उनके नाम के साथ गलती से पुत्र स्व. खेताराम अंकित था, जबकि सही प्रविष्टि पुत्री स्व. खेताराम होनी चाहिए थी। यह त्रुटि वर्षों से रिकॉर्ड में दर्ज थी, जिसके कारण भविष्य में नामांतरण, उत्तराधिकार, भूमि संबंधी कार्यों, बैंकिंग सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों की आशंका बनी हुई थी।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मनोहरी ने आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी पवन कुमार के निर्देशन में राजस्व अधिकारियों ने मामले का परीक्षण किया तथा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 136 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजस्व रिकॉर्ड में नाम का शुद्धिकरण कर मनोहरी पुत्री स्व. खेताराम दर्ज कर दिया।
इस संशोधन के बाद अब राजस्व अभिलेख वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो गए हैं। इससे मनोहरी को भविष्य में भूमि संबंधी सभी कार्यों, उत्तराधिकार प्रक्रियाओं, बैंकिंग कार्यों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। मनोहरी एवं उनके परिवार ने इस त्वरित कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान बिना अनावश्यक भागदौड़ के एक ही दिन शिविर में हो गया, जिससे उनका समय और आर्थिक व्यय दोनों बचे।













