जयपुर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती परीक्षा-2025 के प्रथम दिन जयपुर जिले के सभी 53 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्रथम प्रश्न पत्र में कुल 13,245 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,768 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 10,477 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय प्रश्न पत्र में 2,753 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 10,492 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों प्रश्न पत्रों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति लगभग 21 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर पूर्व नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। परीक्षा का संचालन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से कराया गया। जिला प्रशासन, राजस्थान लोक सेवा आयोग तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई, जिससे परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सकी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए स्थापित जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी पूरे समय सक्रिय रहा तथा परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कार्मिकों एवं सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया।













